लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कोरोना महामारी स्थिति की जांच करेगी। इसके लिए गुरुवार को प्रदेश में सात सदस्य फैक्ट फाइंडिंग टीम का गठन किया गया है।
प्रदेश में महामारी के दौरान मानवाधिकारों का उल्लंघन, महामारी संबंधी आंकड़ों की हेराफेरी और लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच पड़ताल के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं व कांग्रेस नेताओं की एक फैक्ट फाइंडिंग टीम का गठन किया है।
सलमान खुर्शीद करेंगे अध्यक्षता
इस टीम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद करेंगे। यह टीम प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाएगी और जानकारी प्राप्त कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में रिपोर्ट सौंपेगी।
जांच कमेटी के सदस्य:
- सलमान खुर्शीद- पूर्व केंद्रीय मंत्री
- संदीप पांडेय- रेमन मैग्सेसे पुरस्कार सम्मानित
- पीएल पुनिया- पूर्व सांसद
- आराधना मिश्रा ‘मोना’- नेता, यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल
- प्रदीप जैन आदित्य- पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री
- लेनिन रघुवंशी- संयोजक, मानवाधिकारी जन निगरानी समिति
- संजय सिंह- राष्ट्रीय संयोजक, जल जोड़ो-जन जोड़ा अभियान