featured देश

कोरोना की बेकाबू रफ्तार, 24 घंटे में 2.34 लाख बीमार, 1341 की गई जान

यूपी में कोरोना संक्रमण बेकाबू, अबतक 9,583 संक्रमितों की मौत   

नई दिल्ली: देश में कोरोना की दूसरी लहह बेकाबू हो चुकी है। तीसरे दिन लगातार दो लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं। सिर्फ संक्रमितों का आंकड़ा ही नहीं बढ़ा बल्कि देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब सबसे ज्यादा संक्रमितों ने जान गवाई हो। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 2 लाख 34 हजार 692 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, और 1341 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इस बीच 1 लाख 23 हजार 354 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं। पिछले साल 2020 में सितंबर में 1290 लोगों की मौत हुई थी। उसके बाद मौत का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है।

देश में कोरोना महामारी के आंकड़ें

कुल कोरोना केस- एक करोड़ 45 लाख 26 हजार 609
कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 26 लाख 71 हजार 220
कुल एक्टिव केस- 16 लाख 79 हजार 740
कुल मौत- 1 लाख 75 हजार 649
कुल टीकाकरण- 11 करोड़ 99 लाख 37 हजार 641

दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू शुरू

कोरोना की चौथी लहर झेल रही दिल्ली में शुक्रवार से वीकेंड लॉकडाउन शुरू हो गया। हालांकि इस बीच गुरूवार को भी राजधानी दिल्ली में 19 हजार से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए जबकि 141 लोगों की जान चली गई। लोगों की जान पर भारी पड़े रहे कोरोना संक्रमण की इस चेन को तोड़ने के लिए दिल्ली में शुक्रवार की रात 10 बजे से ‘वीकेंड कर्फ्यू’ लागू हो गया जो सोमवार की सुबह 5 बजे तक रहेगा। केजरीवाल सरकार के आदेश के मुताबिक, वीकेंड लॉकडाउन के दौरान ऑडिटोरियाम, जिम, मॉल सभी चीजों को बंद रखना होगा।

यूपी में घातक हो रहा कोरोना

उधर कोरोना महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद यूपी में भी खतरनाक होता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 27 हजार 426 नए केस सामने आए हैं। जबकि 103 लोगों की मौत हो गई। अकेले लखनऊ में ही 6 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए। इसी के साथ राज्य में कुल सक्रिय केस डेढ़ लाख के पार यानी 150,676 हो चुके हैं। प्रदेश में बीते एक दिन में कुल 223307 सैंपल की जांच की गई। प्रदेश में अब तक कुल 37,814,182 नमूनों की जांच की जा चुकी है। पूरे यूपी में रविवार को लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है।

महाराष्ट्र में हालात सबसे ज्यादा खराब

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से 60 हजार से ज्यादा नए केस सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 63 हजार 729 केस दर्ज किए गए जो कि अभी तक एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं। जबकि 398 लोगों की जान चली गई। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37 लाख के पार पहुंच गई है। कोविड के 63,729 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 37,03,584 हो गई है। राज्य में अब तक 59,551 लोगों की मौत हो चुकी है।

कल 30 लाख लोगों को लगा टीका

देशभर में 11 करोड़ 99 लाख 37 हजार 641 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 30 लाख 4 हजार 544 टीके लगे। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था। 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

मृत्यु दर में बढोतरी

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.21 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 88 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर 11 फीसदी से ज्यादा हो गए। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

Related posts

योगी सरकार के सौ दिन पूरे, सीएम योगी ने बताई सरकार की उपलब्धियां

piyush shukla

मंच तो एक ही था लेकिन मंशा अलग-अलग, देखें मायावती ने मुलायम को देख कैसे दिया रिएक्शन?

bharatkhabar

हल्द्वानी: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

pratiyush chaubey