नई दिल्ली। बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। ठाणे की अदालत ने विक्की और ममता दोनों के खिलाफ ड्रग तस्करी मामले में वॉरंट जारी किया है। दोनों ही फिलहाल कीनिया में रहते है इसलिए दोनों को भारत वापस लाने की तैयारी की जा रही है।
दोनों को वापस लाने के लिए ठाणे पुलिस अब इंटरपोल के जरिए दोनों को पकड़ने की कोशिश में जुट गई है। ठाणें के एंटी नार्कोटिक्स सेल के सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल वालझाड़े ने बताया की इस मामले से जुड़े चार आरोपियों के घरों और प्रोपर्टी की तलाशी की जा रही है।
दरअसल, इस ड्रग तस्करी मामले के बारे में ठाणे पुलिस ने अप्रेल 2016 में पता लगाया था। सोलापुर की एक कंपनी में छापा मारकर करीब 23 टन इफेड्रिन पाउडर भी जब्त किया था। इसी मामले में गुजरात के एक पूर्व विधायक के बेटे किशोर राठोर के साथ 15 लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस का कहना है की किशोर राठोर ही एक अहम कड़ी है जो विक्की गोस्वामी और ममता कुलकर्णी से सीधे संपर्क में था। साथ ही बता दें की ममता कुलकर्णी खुद पर लगे आरोपों को गलत बता रही है। लेकिन ठाणें पुलिस ने दावा किया है की ममता ड्रग्स तस्करी से जुड़ी जरुरी मीटिंग्ज में शामिल होती थी।
ममता पर एक आरोप यह भी है की वो विक्की के इस कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद भी करती थी। इसी मामले में अब उनके खिलाफ गैर जमानती वॉरंट निकाल उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।