नई दिल्ली। कहते हैं इश्क का बुखार एक बार किसी के सर चढ़ जाए तो उसका उतरना बहुत मुश्किल होता है और कहीं ना कही ये सच भी है। क्योंकि इश्क में ऐसी दिवानगी अकसर देखने को मिलती है। अकसर आपने प्रेम में जान देने की खबरे सुनी होगी लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। दरअसल महाराष्ट्र के पुणे में एक बॉयफ्रेंड की अजीबो-गरीब हरकत ने हर किसी को हैरान कर दिया। इस बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद उससे माफी मांगने के लिए पूरे शहर में 300 से ज्यादा होर्डिंग्स लगवा दिए।
मामला पुणे के पिंपरी चिंचवड का है
वहीं जब स्थानीय पुलिस को इस बारे में पता चला तो भी वह भी चौंक सी गई। लंबी मशक्कत के बाद पुलिस ने उस शख्स को दबोचा और तब पूरे मामले पर से पर्दा उठा। यह मामला पुणे के पिंपरी चिंचवड का है। पुलिस ने बताया कि पिंपले सौदागर इलाके में रहने वाले लोगों ने शुक्रवार की सुबह जगह-जगह होर्डिंग्स लगे देखे। इन होर्डिंग्स में लड़की का नाम और आगे ‘मुझे माफ कर दो’ लिखा था। इन होर्डिंग्स में लाल रंग का एक दिल भी भी बना था। ये होर्डिंग्स व्यस्त चौराहों पर भी लगाए गए थे।
ऐसे आया आइडिया
वाकड थाने की पुलिस के मुताबिक जांच के बाद पता चला कि ये होर्डिंग्स 25 वर्षीय स्थानीय व्यवसायी नीलेश खेडकर ने लगवाए थे। पुलिस ने बताया कि नगर निगम में जब पता किया गया तो विभाग ने इन होर्डिंग्स को अवैध बताते हुए होर्डिंग्स लगाने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
पहले नीलेश के दोस्त विलास शिंदे को पकड़ा गया जिसने इन होर्डिंग्स को लगवाने में उसकी मदद की थी। उसके जरिए पुलिस नीलेश के पास पहुंची। नीलेश ने पूछताछ में बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड से उसका झगड़ा हो गया था। लाख मनाने के बाद भी वह नहीं मानी तो उसने उसे मनाने का यह आइडिया निकाला।
मामले की जांच जारी
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘नीलेश की गर्लफ्रेंड मुंबई से शुक्रवार सुबह पुणे आ रही थी। नीलेश और उसके दोस्त ने मिलकर गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि 300 होर्डिंग्स शहर उन जगहों पर लगवा दिए जहां से उसकी गर्लफ्रेंड को गुजरना था और जहां पहुंचना था।’ पुलिस ने बताया कि नगर निगम इस मामले में जांच कर रहा है। उनकी तरफ से कोई शिकायत आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।