featured यूपी

UP: एक दिन में 25.51 करोड़ पौधरोपण पर अखिलेश यादव का तंज, पूछे ये सवाल

UP: एक दिन में 25.51 करोड़ पौधरोपण पर अखिलेश यादव का तंज, पूछे ये सवाल

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा एक दिन में 25.51 करोड़ पौधरोपण के दावे पर अखिलेश यादव ने निशाना साधा है। साथ उन्‍होंने भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए सवाल भी पूछे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि, भाजपा सरकार ने अपने 100 झूठ में एक नया झूठ वृक्षारोपण को भी जोड़ दिया है। उन्‍होंने कहा कि, मुख्यमंत्री जी का दावा है कि उनके कार्यकाल में 100 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। लेकिन एक दिन में ही 25.51 करोड़ पौधे रोपने के दावे के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सबके बावजूद उत्तर प्रदेश में हर तरफ हरियाली क्यों नहीं छा गई है और प्रदेश का वन क्षेत्र दुगना-चैगुना क्यों नहीं बढ़ गया?

कितने वृक्ष लगे और कितने बचें, ब्‍यौरा दें: अखिलेश  

सपा सुप्रीमो ने कहा कि, वृक्षारोपण अभियान के संबंध में बड़े-बड़े दावों और रिकॉर्ड बनाने के विज्ञापनों के अलावा प्रदेश सरकार अब तक यह ब्यौरा नहीं दे पायी कि कहां कितने वृक्ष लगे हैं और उनमें कितने बचे हैं? भाजपा वृक्षारोपण के नाम पर वस्तुत: बजट का बंदरबांट करती है। उसकी नीति और नियत दोनों में खोट है।

अखिलेश यादव ने कहा कि, भाजपा सरकार वृक्षारोपण का बहाना बनाती है और हकीकत में झूठ और नफरत के बीज बोती है। अगर वह सही अर्थों में वृक्षारोपण के लिए प्रतिबद्ध है तो उसे इस संबंध में साढ़े चार साल के कार्यकाल का श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। इससे सत्यता का पता चल जाएगा। भाजपाई दावों के विपरीत समाजवादी सरकार के समय वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया था, उसका गिनीज बुक में विश्व रिकॉर्ड बना था। लगाए गए पौधे बचे रहे इसलिए बुन्देलखंड में तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया था। हरित पार्कों का विकास किया गया था।

सरकार ने लोहिया-जनेश्‍वर पार्क के प्रति दिखाई उपेक्षा

उन्‍होंने कहा कि, समाजवादी सरकार के कार्यकाल में ही लोहिया पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क बने, जहां विविध किस्म के पौधे रोपे गए। भाजपाई सहित हजारों लोग सुबह-शाम इन पार्कों में घूमने आते हैं और खुली और स्वच्छ हवा में सांस लेते हैं। भाजपा सरकार ने इन स्थलों के प्रति पूर्ण उपेक्षा भाव अपनाया हुआ है। हरियाली खत्म करने की साजिश है।

2022 में जनता करेगी हिसाब: अखिलेश यादव

प्रकृति के साथ भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी जितना खिलवाड़ करना चाहें कर लें और झूठे आंकड़ों से प्रदेश को हरा-भरा बना दें। लेकिन जनता जब इन सबका सत्यापन करेगी तो भाजपा को लेने के देने पड़ जाएंगे। वर्ष 2022 में भाजपा के झूठ की जगह समाजवादी पार्टी का सच और काम बोलता नज़र आएगा।

Related posts

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है

mahesh yadav

सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने की फिक्की के प्रतिनिधियों से मुलाकात

piyush shukla

प्रधानमंत्री ने ‘राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति 2018’ की पुस्तिका का विमोचन किया

mahesh yadav