लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 28 जुलाई को कानपुर जाएंगे। वह छत्रपति साहू जी महाराज (सीएसजेएम) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 75 बच्चों के अन्नप्राशन समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगी।
बाल विकास विभाग की ओर से कानपुर यूनिवर्सिटी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। लगभग एक घंटे के कार्यक्रम में 75 बच्चों, उनकी माताएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्री भाग लेंगी। राज्यपाल व मुख्यमंत्री सभी बच्चों को खीर खिलाकर आंगनबाड़ी के लिए सामग्री किट वितरित करेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों को करीब अंतिम रूप दे दिया है।
कानपुर से ही करेंगे वापसी
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी करीब 12:25 बजे विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर ही उतरेंगे। परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह यहीं से करीब 01:40 बजे लखनऊ वापसी करेंगे। कानपुर डीएम आलोक तिवारी ने बताया कि, कार्यक्रम यूनिवर्सिटी आयोजित कर रही है, जिसके लिए राज्यपाल व मुख्यमंत्री को निमंत्रण दिया गया है। इसके लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां कर ली हैं।