आगरा: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के दिग्गजों की होटल उत्कर्ष विला में क्लास ली। इस क्लास में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सी.एम. डॉ. दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश के तमाम नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक को पूरी तरह मीडिया से छुपाकर रखा गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक 3 बजे तक चली।
पार्टी के दिग्गज रहे मौजूद
इस बैठक को 3 भागों ब्रज, पश्चिम और कानपुर में बांटा गया। इसमें इन क्षेत्रों के पार्टी के दिग्गज मौजूद रहे। बैठक में अमित शाह ने लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन और कार्यों की समीक्षा की। सूत्रों के मुताबिक तो बैठक में 2019 में बनने वाली स्थितियों पर जोर दिया गया।
सीएम योगी सहित कई मंत्रियों ने लिया हिस्सा
इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आई.टी. प्रकोष्ठ पर भी भरोसा जताया। आई.टी प्रकोष्ठ के योद्धाओं को कई प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सी.एम. डॉ. दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य के अलावा ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, साध्वी निरंजना, परिवहन मंत्री स्वतंत्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा तीनों क्षेत्रों की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहे। ब्रज क्षेत्र से राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, प्रदेश उपाध्यक्ष बी.एल. वर्मा मौजूद रहे।