लखनऊः ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान हुई हिंसा को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से महाभारत मे द्रौपदी का चीरहरण हुआ था, ठीक उसी तरह से यूपी में भाजपा के शासनकाल में भी हो रहा है।
राजभर ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी का गुंडाराज व्याप्त है। प्रतिदिन लोकतंत्र की हत्या हो रही है। राज्य के सभी बलात्कारी, गुंडे, माफिया और भ्रष्टाचारी भाजपा में शामिल हो गए हैं। राजभर ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कभी पाकिस्तान में बम फूटता है तो ये तुरंत बता देते हैं कि इसमें किस संगठन का हाथ है। भाजपा के लोग ये सब खुद कराते हैं और इसका मैं सबूत भी दूंगा।
ओवैसी और राजभर दो दुश्मनों के एक हो जाने के सवाल पर राजभर ने कहा की बीजेपी कश्मीर में महबूबा मुफ्ती के साथ मिलकर सरकार बनाती है। तब दो दुश्मन उन्हें दिखाई नहीं देते हैं। ये करें तो रास लीला और हम करें तो कैरेक्टर ढीला।
2022 में बनेगी हमारी सरकार
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे दलों के गठबंधन करने के बयान पर उन्होंने कहा की सभी छोटे दल हमारे साथ हैं। उनके साथ कोई नहीं है। राजभर ने कहा कि अखिलेश के पास वोट भी नहीं हैं। सभी बड़े दल आज छोटे दलों के पीछे पड़े हुए हैं। अखिलेश यादव के साथ कोई दल नहीं जायेगा। सभी ओमप्रकाश के साथ हैं। आप खेल देखते जाइये, 2022 में मैं भागीदारी मोर्चे की सरकार बनाऊंगा।