Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। दिल्ली के चार दिवसीय दौरे पर पहुंची ममता की पीएम मोदी से इस मुलाकात पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। जानकारों के मुताबिक इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान ममता पश्चिम बंगाल की जीएसटी की बकाया रकम और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
ये भी पढ़ें :-
Aaj Ka Panchang: जानें 05 अगस्त 2022 का पंचांग, नक्षत्र और राहुकाल का समय
द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगी ममता
दिल्ली के चार दिवसीय प्रवास के दौरान ममता का कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उनकी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात होगी। मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद वे पहली बार राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी। ममता 7 अगस्त को नीति आयोग की बैठक में भी हिस्सा लेंगी। हालांकि पहले वे नीति आयोग को खारिज करती रही हैं और उनका कहना है कि आयोग के पास कोई अधिकार नहीं है।
टीएमसी सांसदों से भी करेंगी भेंट
ममता ने गुरुवार को पार्टी सांसदों के साथ बैठक के दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति के साथ लोकसभा के मौजूदा सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी गहन चर्चा की। जानकारों के मुताबिक इस दौरान ममता ने पार्टी सांसदों से भाजपा के दबाव के आगे न झुकते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया। ममता के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी बैठक के दौरान मौजूद थे। उन्होंने उन मुद्दों की चर्चा की जो मानसून सत्र के आखिरी दिनों में उठाकर सरकार की घेरेबंदी की जा सकती है।
विपक्षी नेताओं के साथ मुलाकात सबसे अहम
ममता के मौजूदा दिल्ली दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम विपक्षी नेताओं से मुलाकात करने का है। जानकारों के मुताबिक ममता 2024 की सियासी जंग के मद्देनजर विपक्षी नेताओं के साथ गहन चर्चा करेंगी। उनकी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित है। गैर कांग्रेसी विपक्षी नेताओं के साथ ममता की इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सोनिया से हो सकती है ममता की मुलाकात
टीएमसी से जुड़े कुछ सूत्रों का कहना है कि ममता सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकती हैं। ममता बनर्जी कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से भी मिल सकती हैं। ममता उनके स्वास्थ्य के बारे में हाल जान चाहती हैं। हाल ही में उन्हें COVID के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।