लखनऊ: अपनी सेवाओं के लिए अनपयुक्त करार दिए गए आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने अपने घर के बाहर ‘जबरिया रिटायर’ की प्लेट लगा ली है। उन्होंने गुरुवार को घर के बाहर खड़े होकर खींची गई फोटो ट्वीट की।
आइपीएस अमिताभ ठाकुर को सेवाओं के लिए अनपयुक्त पाते हुए उन्हें समय से पहले रिटायर कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने बीती 17 मार्च को उन्हें रिटायर होने का आदेश दिया था। आदेश की प्रति यूपी सरकार को भेजी गई, जहां वर्तमान में वह बतौर पुलिस महानिरीक्षक तैनात थे।
गृह मंत्रालय ने दी थी अनिवार्य सेवानिवृत्ति
अमिताभ ठाकुर को जनहित में अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई, जबकि 1992 बैच के इस आइपीएस अधिकारी का सेवा कार्यकाल पूरा होने में अभी वक्त बाकी था। गृह मंत्रालय के आदेश में कहा, “आइपीएस अमिताभ ठाकुर को जनहित में तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त करते हुए समय से पहले रिटायर किया जा रहा है।”
इसके बाद रिटायर अमिताभ ठाकुर ने अपने घर के बाहर ‘जबरिया रिटायर’ की प्लेट लगा ली है। इससे पहले उन्होंने अपनी सेवानिवृत्ति के बारे में ट्वीट करते हुए बताया था कि, गृह मंत्रालय ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है।
अमिताभ ठाकुर, आईपीएस (जबरिया रिटायर्ड) pic.twitter.com/54gfQTrjeY
— AmitabhThakur (@Amitabhthakur) March 25, 2021
2015 में भी किए गए थे निलंबित
आपको बता दें कि रिटायर आइपीएस अमिताभ ठाकुर ने वर्ष 2017 में केंद्र से उनका कैडर बदलने का आग्रह यह तर्क देते हुए किया था कि उन्हें मुलायम सिंह के फोन के बाद अपने और परिवार के लिए गंभीर खतरे की आशंका है। इससे पहले ठाकुर को वर्ष 2015 में निलंबित कर दिया गया था, जब मुलायम सिंह पर उन्होंने खुद को धमकी देने का आरोप लगाया था।