लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। गृहमंत्री उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास करने आ रहे हैं। यह कार्यक्रम सरोजनीनगर के पिपरसंड में रविवार सुबह 10 बजे होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहां उपस्थित होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, डॉ दिनेश शर्मा भी मौजूद होंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे। इस दौरान अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा और समसामयिक मुद्दों पर सरकार का संदेश भी देंगे।
अपने उत्तर प्रदेश दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मिर्जापुर भी जाएंगे। जहां रविवार को विंध्यांचल कॉरिडोर का शिलान्यास उनके द्वारा किया जाएगा। दोपहर 2:40 से शाम 4:45 तक वह मिर्जापुर रहेंगे। इस दौरान उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद होंगे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर को 2:40 पर देवरी हेलीपैड पहुंचेगा।
उसके बाद 3:10 से 3:25 तक विंध्याचल में विंध्य कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में वह भाग लेंगे। शाम को जीआईसी मैदान में जनसभा आयोजित की जाएगी। जहां विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ-साथ जनसभा को भी अमित शाह संबोधित करेंगे। यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी भी शुरु हो गई है, ऐसे में गृहमंत्री का यह दौरा भी काफी महत्वपूर्ण होगा।