featured बिहार

बिहार में बाढ़: इन जिलों में बाढ़ से त्राहिमाम, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट  

flood 1 बिहार में बाढ़: इन जिलों में बाढ़ से त्राहिमाम, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट  

बिहार में इन दिनों बारिश के पानी ने हाहाकार मचा रखा है। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के बाद आई बाढ़ से जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो चुका है।

बाढ़ से त्राहिमाम, डूबती जान ज़िंदगी परेशान

बिहार में बाढ़ ने ऐसा कहर मचाया है कि कहीं लोगों के घर पानी में डूबते दिखाई दिए तो कहीं पानी लोगों को अपने साथ बहाकर ले जाता नजर आया। पानी का तेज बहाव हर उस चीज को अपने साथ बहाकर ले गया जो उसके रास्ते में आया, फिर चाहे इंसान हो या इंसानों के घर। बाढ़ से मचे इस त्राहिमाम को रोकने के लिए जगह जगह पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।

उफान पर कोसी नदी, लहरों से जूझ रही ज़िंदगी

बिहार के सीतामढ़ी, कटिहार, मुजफ्फरपुर, शिवहर, बगहा, सगौली, सुपौल, रक्सौल, बेतिया, वालमीकिनगर और गोपालगंज पूरी तरह से पानी में डूब गया है। बाढ़ ने यहां इस कदर तबाही मचा दी है कि लोग अब बस अपनी जिंदगी की सलामति की दुआ कर रहे हैं। रेल हो, रोड हो या मकान हर चीज पानी से घिर गई है। कोसी नदी उफान पर है और उसके बांध के नीचे से रिस रहे पानी ने कई जिलों को जलमग्न कर दिया है। यहां जिंदगी लहरों से जूझ रही है। आने वाले दिनों में भी हालात इसी तरह बने रहने के आसार जताए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पानी से बिहार के कई जिले डूबने की कगार पर हैं। उधर कोसी नदी के उफान पर होने से खतरा और भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कहीं से कहीं तक उम्मीद की कोई किरण नजर नहीं आ रही है। रेस्क्यू टीम लोगों को घरों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम कर रही है। वहीं मौसम विभाग की ओर से बिहार के कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी है। प्रदेश के पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, लखीसराय और बेगूसराय सहित, दक्षिण पूर्व बिहार में भागलपुर, खगड़िया, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। हिमालय की तलहटी से सटे जिलों में भी यह स्थिति बन सकती है।

दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार में संकट के बादल

बिहार में बाढ़ से लोगों को कब तक राहत मिलेगी इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता। क्योंकि अभी भी कई जिलों में संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उपग्रह से प्राप्त हुई तस्वीरों में दिख रहा है कि पटना सहित पूरे दक्षिण मध्य बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार के ऊपर संवाहनीय बादल बने हुए हैं। और इन बादलों से कभी-कभी भारी बारिश भी हो सकती है। जिसके चलते इन जिलों में फिर से जल स्तर बढ़ जाएगा और हालात और ज्यादा बेकाबू हो जाएंगे। इसके साथ ही वज्रपात और मेघ गर्जन की स्थिति भी इन इलाकों में बन सकती है।

बांका में सबसे अधिक बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे में राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य है। सोमवार सुबह से शाम तक गया जिले में 69 मिमी और पूर्णिया में 45 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश बांका जिले में हुई। जहां 70 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। मौसमी विभाग के अनुसार एक अन्य ट्रफ रेखा बिहार से तटीय ओडिशा तक झारखंड होकर जा रही हैं। इसके प्रभाव से 24 से 48 घंटे में तराई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Related posts

8 अक्टूबर 2023 का राशिफल, जानें आज का पंचांग और राहुकाल

Rahul

Fire In Train Coach: मदुरै रेलवे स्टेशन के पास भयावह हादसा, ट्रेन के डिब्बे में आग लगी, 9 यात्रियों की मौत

Rahul

मायावती का केंद्र और राज्य सरकार पर हमला

bharatkhabar