जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में इस बार पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव बेहद दिलचस्प होगा। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष पद इस बार महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जिससे पूर्वांचल के तमाम दिग्गज परिवारों की निगाहें इस पर टिकी हुई हैं।
अब जौनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में ग्लैमर का तड़का भी लगने वाला है, क्योंकि वर्ष 2015 में फेमिना मिस इंडिया की रनरअप रहीं दीक्षा सिंह अब सियासी पारी खेलने जा रही हैं। वह बक्सा विकासखंड के वार्ड नंबर 26 से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगी।
पहले पिता जितेंद्र सिंह लड़ने वाले थे चुनाव
इस सीट पर पहले उनके पिता जितेंद्र सिंह चुनाव लड़ने वाले थे, लेकिन सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने पर उन्होंने एक्ट्रेस-मॉडल बेटी दीक्षा सिंह को मैदान में उतार दिया है। दीक्षा ने पर्चा खरीदते हुए जमानत राशि भी जमा कर दी है। अब अभिनेत्री गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार कर रही हैं।
इस चुनाव के लिए दीक्षा के पिता पिछले कई दिनों से तैयारियां कर रहे थे। ऐसे में महिला सीट होने पर उन्होंने अपनी बेटी दीक्षा सिंह को चुनाव लड़ाने का फैसला लिया। वहीं, अभिनेत्री दीक्षा सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के नेता स्वर्गीय राम चंद्र सिंह की बहू शालिनी सिंह से होगा।
पीएम मोदी हैं अभिनेत्री दीक्षा सिंह के आदर्श
मॉडल दीक्षा सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, राजनीति में उनके आदर्श प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वह बदलाव की सोच के साथ वापस लौटी हैं। उन्होंने कहा कि, वह कॉलेज के समय से ही राजनीतिक डिबेट्स में हिस्सा लेती रही हैं और समय-समय पर गांव भी आती रही हैं। अभिनेत्री ने कहा कि, उन्होंने गांव में देखा कि यह इलाका अभी भी विकास से दूर है, लिहाजा वह बदलाव की सोच के साथ यहां वापस आई हैं।
बक्सा इलाके के चित्तौरी गांव निवासी दीक्षा सिंह ने कक्षा तीन तक की पढ़ाई गांव में ही की। इसके बाद वह मुंबई और फिर गोवा चली गई थीं। गोवा से उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई की और इसी दौरान उन्हें मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने कई मॉडलिंग असाइनमेंट्स पूरे किए।
जल्द ही आएगी बड़े बैनर की वेब सीरीज
दीक्षा सिंह वर्ष 2015 में फेमिना मिस इंडिया रनरअप रहीं थीं। वर्ष 2020 में वह सिंगर दर्शन रावल और नेहा कक्कड़ के म्यूजिक वीडियो ‘तेरी आखों में’ में भी नजर आई थीं। हाल ही में दीक्षा सिंह ने एक और म्यूजिक वीडियो ‘रब्बा मेहर करी’ में काम किया। इन्होंने, पैराशूट ऑयल, स्नैप डील और पैंटीन सहित कई बड़ी कंपनियों के विज्ञापन में काम किया है। अभिनेत्री ने बॉलीवुड फिल्म ‘इश्क तेरा’ की कहानी लेखन का काम भी किया है। उनकी जल्द ही एक बड़े बैनर की वेब सीरीज भी आ रही है।