लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है और तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी ने दावा किया है कि यूपी चुनाव में भाजपा 350 सीटें जीतेगी।
यह भी पढ़ें: शाशि थरूर ने मोदी के दाढ़ी पर शेयर किया मीम, भारत की GDP से की तुलना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में बातचीत करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में 350 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि, चुनाव में भाजपा को 45 सीटें भी नहीं मिल सकेंगी। अब बीजेपी की सरकार यूपी से जाने वाली है।
सीएम योगी ने कहा- एक्सपोर्ट का हब बन रहा यूपी
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के दौरान कहा, उत्तर प्रदेश में बीते चार वर्षों में सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, पिछली सरकारों में अपराध और दंगे चरम पर थे, निवेशक यूपी आने से डरते थे। सीएम ने कहा, अब उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट का हब बन रहा है। ये नए भारत का उत्तर प्रदेश है।
पिछली सरकार ने यूपी को पीछे ढकेला: मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने कहा, कोविड संकट के समय में हम लोगों ने करोड़ों लोगों को रोजगार देने का काम किया है। जो मजदूर उत्तर प्रदेश लौटा था, वह वापस नहीं गया है। पिछली सरकार ने प्रदेश को पीछे ढकेला था, लेकिन अब यूपी देश में तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन रहा है।
किसान आंदोलन पर बोले सीएम योगी
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान आंदोलन पर कहा कि, किसानों को लेकर मेरी पूरी संवेदना है। सभी देख रहे हैं कि किसे कितना समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, अन्नदाता किसानों का सम्मान कोई भी संवेदनशील सरकार करेगी। किसानों के लिए जितना काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, उतना कोई नहीं कर पाया।
अखिलेश यादव ने किया पलटवार
उधर, सीएम योगी के यूपी में 350 सीटें जीतने के दावे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि, सबसे पहले सपा ने कहा था कि सभी वर्गों के साथ से पार्टी 2022 के चुनाव में 350 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के 45 विधायक भी नहीं जीत पाएंगे। कुछ दिनों में टिकट कटने वालों की लिस्ट तैयार की जाएगी और इसके बाद भाजपा में भगदड़ मचने वाली है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि, यूपी की जनता सपा पर भरोसा करने जा रही है।
अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी सपा: अखिलेश
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि, विधानसभा चुनाव 2022 में हम किसी बड़े दल के साथ गठबंधन नहीं करेंगे, बल्कि छोटे-छोटे दलों के साथ जनता के बीच जाएंगे। यह चुनाव समाजवादी पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा, योगी सरकार चार साल में कुछ भी नया नहीं कर पाई। भाजपा अपना घोषणापत्र लागू नहीं कर सकी है। केवल दूसरी सरकारों के प्रोजेक्ट आगे बढ़ा रही है। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में बिजली महंगी कर दी है। कोरोना काल में सबसे खराब काम उत्तर प्रदेश की सरकार ने किया।