पटना। राज्य में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों की संख्या में दिन दोगुनी और रात चैगुनी इजाफा हो रहा है। ऐसा लगता है कि आरोपियों में से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। क्योंकि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी एक बार भी नहीं सोचते हैं कि उसके बाद उनका क्या होगा। बिहार में युवतियों के साथ दुराचार की घटना लगातार बढ़ने पर है। पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में गुरुवार को एक युवती की हत्या कर दी गई थी। जिसके चलते पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को बिहारशरीफ से गिरफ्तार कर लिया है।
ये है हत्या का पूरा मामला-
बता दें कि ये हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते हुई है। दोनों एक-दूसरे से ढाई साल से प्रेम करते थे और दोनो शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की परिवारों के खिलाफ शादी नहीं करना चाहती थी। जिसके चलते उसने लड़के से शादी करने से इंकार कर दिया। शादी से इंकार सुनने के बाद आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। और युवती को मारने की साजिश रच डाली। पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि गुरुवार को वह मृतिका के बुलाने पर ही उसके घर गया था। मृतिका ने खुद आरोपी को इस बात की जानकारी दी थी कि गुरुवार को कोई घर पर नहीं होगा तो वो मिलने आ सकता है। लेकिन शादी से इंकार के बाद नाराज प्रेमी ने हत्या करने इरादे से प्रेमिका के घर पहुंच गया। जिसके बाद दोनों में शादी को लेकर बातचीत हुई, लेकिन इस दौरान युवती ने परिवार वालों के खिलाफ जाकर शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने जेब में रखा चाकू निकाला और उसके गले को रेत दिया। आरोपी को इतने पर भी सब्र नहीं हुआ और दोबारा गला रेत दिया। जिसके बाद आरोपी युवती को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किया गिरफ्तार-
इसके साथ ही पटना के पूर्वी एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि नानी घर में रहते हुए दोनों के बीच संबंध की शुरुआत हुई थी। लेकिन अलग जाति का होने की वजह से परिजनों ने उन्हें अलग कर दिया था। हालांकि दोनों के बीच बातचीत थी, लेकिन जब युवती शादी के लिए नहीं मानी तो युवक ने उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार इस घटना में आरोपी की तस्वीर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी और आरोपी को बिहारशरीफ से गिरफ्तार कर लिया।