मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करने वाले मुंबई वासियों को क्रिसमस के मौके पर सरकार ने नई सौगात दी है। क्रिसमस के बेहद खास दिन पर मुंबई वासियों के लिए एसी लोकट ट्रेन को हरी झंड़ी दिखाई गई। महाराष्ट्र के मंत्री विनोद तावड़े और अन्य नेताओं ने बोरिवली स्टेशन से देश की पहली एसी लोकल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन ने बोरिवली से चर्चगेट के बीच में अपनी पहली यात्रा की। आपको बता दें कि 12 बोगियों वाली इस ट्रेन का किराया सामान्य लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास के किराए से थोड़ा ज्यादा है।
मुंबईवासियों को पिछले लगभग पांच साल से इस एसी लोकल ट्रेन का इंतजार था। कुछ दिनों पहले भारतीय रेलवे ने इसका सफल परीक्षण किया था और आज इसे हरी झंडी दे दी गई इस मौके पर बोरिवली स्टेशन पर काफी भीड़ थी और लोगों में उत्सुकता भी। इसमें कई सुविधाएं भी दी गई हैं और इसे यात्रियों के लिए काफी आरामदायक बनाया गया है। बताया जा रहा है कि इसमें एक साथ लगभग छह हजार यात्री सफर कर सकते हैं।