रियाद। सऊदी अरब में यमन से एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई, जिसे रियाद की वायुसेना ने मार गिराया। यह मिसाइल यमन के हौती विद्रोहियों ने दक्षिणी प्रांत जजैन को निशाना बनाकर दागी थी। अल अरबिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, मिसाइल को नष्ट कर दिया गया। इस दौरान किसी के हताहत होने या कोई क्षति होने की सूचना नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर सऊदी अरब और ईरान के बीच तनाव बढ़ा दिया है।
यमन के शिया हौती विद्रोहियों ने इससे पहले 5 जनवरी को भी सऊदी अरब के दक्षिणी प्रांत नजरैन में मिसाइल दागी थी, जिसे सऊदी सेना ने नष्ट कर दिया था। इससे पहले दिसंबर में भी सऊदी अरब में रियाद के ऊपर से एक बैलेस्टिक मिसाइल दागी गई थी। सऊदी सेना ने इसे भी नष्ट कर दिया था। हौती विद्रोहियों का निशाना राजधानी में शाह सलमान का महल था।रियाद ने यमन के शिया हौती विद्रोहियों द्वारा दागी गई इस मिसाइल को ‘ईरानी हौती’ करार दिया था। उसने ईरान पर हौती विद्रोहियों को हथियारों की आपूर्ति करने का आरोप भी लगाया था।
सऊदी अरब पर यमन से हौती विद्रोहियों का ताजा हमला संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों द्वारा ईरान पर UN प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से यमन में हौतियों को मिसाइलें और ड्रोन देने का आरोप लगाने के कुछ दिनों के बाद हुआ है। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने ईरान पर हौती विद्रोहियों को समर्थन देने और यमन में संकट बढ़ाने का आरोप भी लगाया है।