लखनऊ: राजधानी स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं कांग्रेस महासचिव/प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के समक्ष लखनऊ विश्वविधालय के छात्र नेता संजय सिंह, (जनपद-मऊ) ने अपने सैकड़ों युवा समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने संजय सिंह और उनके साथियों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह युवाओं का रुझान कांग्रेस पार्टी की ओर तेजी के साथ बढ़ रहा है और भारी संख्या में युवा कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं, उससे यह साफ होता है कि गैर कांग्रेसी दलों विशेषकर सत्तरुढ़ दल भाजपा से युवाओं का पूरी तरह से मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि संजय सिंह के पार्टी में शामिल होने से निश्चित तौर पर कांग्रेस संगठन को ताकत मिलेगी और जनप्रिय नेता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में आने वाले उप्र के चुनाव में कांग्रेस को विजय प्राप्त होगी।