पटना। इराक के मोसूल में आईएसआईएस द्वारा 39 भारतीयों की हत्या मामले का जब से खुलासा हुआ है तभी से ही देश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जहां कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर देश और संसद को गुमराह करने का आरोप लगा रही है तो वही बीजेपी इसे कांग्रेस की ओछी राजनीति करार दे रही है। इसी कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक के बाद एक ट्वीट पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने लिखा कि दुनिया के किसी भी देश में विपक्ष इतनी घटिया राजनीति नहीं करता जितनी कांग्रेस कर रही है। मोदी ने लिखा की कथनी और करनी में फर्क करने वाली कांग्रेस बिहार में बैसाखियों के सहारे हो गई है। उन्होंने कहा कि पठानकोट में आतंकी हमला हो या इराक के मोसुल में कटट्रपंथी इस्लामी संगठन आईएस के आंतकियों द्वारा 39 भारतीयों की हत्या कर देना। कांग्रेस आतंकियों और उनके पनाह देने वालो के खिलाफ कभी कुछ नहीं बोलती, लेकिन वो ऐसे समय में अपने देश की सरकार को कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ती।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए महान क्रांतिकारियों और लाखों सत्याग्रहियों ने जो संघर्ष किया, उसे केवल एक परिवार के नाम पेटेंट करवाने पर तुली कांग्रेस अब सत्ता के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी के राबर्ट क्लाइव की तरह फूट डालने की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अगर जोड़ने में विश्वास करते हैं तो उनकी पार्टी कर्नाटक के शैव लिंगायत हिंदुओं को अलग धर्म मानकर उन्हें अल्पसंख्यक दर्जा क्यूं देना चाहती है।