लखनऊ: केन्द्रीय रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह दो दिवसीए दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंच चुके हैं। लखनऊ पहुंचने पर लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने एअरपोर्ट पर राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
मंत्री महेंद्र सिंह भी पहुंचे एयरपोर्ट
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री डा. महेन्द्र सिंह भी स्वागत करने पहुंचे। एअरपोर्ट से सीधे रक्षामंत्री अपने दिलकुशा आवास पहुंचे। वहां पर वह चार बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह शाम चार बजे गुलिस्ता कालोनी स्थित वरिष्ठ पत्रकार सुभाष मिश्रा के घर जायेंगे।
VHP कार्यकर्ता के घर जाएंगे रक्षामंत्री
इसके बाद राजनाथ सिंह विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे प्रदीप भार्गव के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे। प्रदीप भार्गव का विगत कुछ दिनों पूर्व निधन हो गया था। यहां के बाद रक्षामंत्री टिकैत राय एलडीए कालोनी स्थित भाजपा के पूर्व विधायक स्व. सुरेश श्रीवास्तव के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जायेंगे। वहां पर वह उनके परिजनों से मिलेंगे। हाल ही में स्व. सुरेश श्रीवास्तव और उनकी पत्नी का निधन हो गया है। इसके बाद राजनाथ सिंह दिलकुशा आवास वापस आ जायेंगे।
रविवार को सुबह 10 बजे करेंगे बैठक
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार को अपने दिलकुशा आवास पर 10 बजे से विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। वहीं शाम चार बजे आउटर रिंग रोड व विक्टोरिया स्ट्रीट फ्लाईओवर के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करेंगे। सोमवार को सुबह 10 बजे राजनाथ सिंह कानपुर के लिए रवाना होंगे।