मेरठ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने उत्तर प्रदेश के मेरठ मे रविवार को संघ कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम का आयोजन किया है,जिसमें संघ के लगभग 4 लाख कार्यकर्ताओं के पहुचने की उम्मीद की जा रही है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत होंगे,जोकि दोपहर तीन बजे यहां आएंगे और अपने भाषण की शुरुआत करेंगे। उनके इस भाषण को लाइव देश और विदेश में सुना जा सकता है, जिसके लिए मीडिया के साथ-साथ खुद संघ ने भी पूरी तैयारी कर ली है। संघ प्रमुख के भाषण के लाइव प्रसारण को लेकर उत्तर प्रदेश संघ के प्रमुख अजय मित्तल ने बताया की लाइन प्रसारण के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा संघ की आधिकारिक फेसबुक साइट पर भी संघ प्रमुख के भाषण का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कार्यक्रताओं का जमावड़ा मेरठ में लगना शुरू हो गया है। संघ के इस कार्यक्रम के चलते पूरा मेरठ भगवा रंग में रगं गया है। मेरठ की हर प्रमुख सड़क पर सिर्फ भगवा झंड़ा ही दिखाई दे रहा है और तो और शहर के प्रवेश मार्ग पर विशाल भगवा द्वार बनाया गया है। इसके अलावा संघ के कायकर्ताओं का स्वागत करने के लिए मेरठ में जगह-जगह भगवा रंग के हॉर्डिंग्स लगाए गए हैं। मैदान की बात करें तो यहां टीनशेड लगाकर इसे सुरक्षित बनाया गया है, हालांकि मैदान को खुला रखा गया है। गौरतलब है कि संघ के कार्यक्रम के शुरू होने से एक दिन पहले यानी की शनिवार को ही शहर में आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।