उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास में जुटी हुई है। किसानों का कर्ज भी सरकार ने माफ किया है। जिसके बाद उत्तम बीज और गुणवत्ता वाली खाद भी सरकार किसानों को मुहैया कराएगी। यह बयान उत्तर प्रदेश के कैबिनेट कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दिया है।
दरअसल मेरठ में शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए सूर्य प्रताप शाही पहुंचे थे। जहां उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय का दौरा किया। इसके अलावा भाजपा के कई अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इस दौरान सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि भाजपा के विरोधी दल इस समय हाशिए पर पहुंच गए हैं। उन्हीं के पार्टी के नेता अब बगावत पर उतर आए हैं ।
उन्होंने बताया है कि इस वक्त बीजेपी में विपक्षी दलों के नेता शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा आने वालों के स्वागत कर रही है। उधर उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी भरोसा जताते हुए कहा कि फिलहाल कानून व्यवस्था पहले से सुधरी है। आगे और भी सुधार किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने राज्य की आपदा प्रबंधन के लिए भी प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्य को बताया है।