देहरादून। उत्तराखंड में विधान सभा चुनावों का माहौल खासा ही गरम है। पूरे राज्य में इन दिनों सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर लगातार हमलावर हो रहे हैं। कहीं भाजपा कांग्रेस पर हमला बोल रही है तो मौका देख कांग्रेस लगातार भाजपा पर पलटवार कर रही है। एक तरफ कांग्रेस को सूबे के विकास में रोड़ा बताते हुए भाजपा परिवर्तन यात्रा के जरिए जनता के बीच जा कर सूबे के हालात का जिम्मेदार कांग्रेस को बता रही है। वहीं सतत विकास संकल्प यात्रा के जरिए अब कांग्रेस ने भाजपा पर जबाबी हमला शुरू किया है। कांग्रेस संकल्प यात्रा के जरिए ये जनता के बीच अपनी सफाई में कह रही है कि केन्द्र ने सूबे के विकास का पैसा रोक कर सूबे में विकास की परियोजनाओं के ठप्प कर दिया है। सूबे की इस बिगड़ती हालत की जिम्मेदार भाजपा है।
इसी क्रम में सीएम हरीश रावत ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि केन्द्र सरकार केवल वादे करना जानती है, पूरा करने के बारे में उसे याद नही ंरहता। राज्य में विकास की गंगा बहाने के सपने दिखाने के लिए दौरे पर आने वाले केन्द्र मंत्रियों को अपने विभाग तक की सही जानकारी नही रहती है। वे राज्य को जिए जाने वाले बजट तक के बारे में बिना जानकारी के बयान दे जनता को गुमराह करते हैं। उन्होने सीधा हमला बोलते हुए केन्द्र के कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह पर निशाना साधा है।
सीएम रावत ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने विभाग का जो लेखा-जोखा दिया है क्या उनकी हिम्मत है तो सार्वजनिक मंच पर आकर चर्चा करें। राज्य में कृषि और सिंचाई समेत कई बजटों में केन्द्र सरकार ने भारी कमी की है। सूबे के किसानों की हालात दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है।