नई दिल्ली। दिल्ली के निजामुद्दीन में स्थित तबलीगी जमात के मरकज पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा कसता जा रहा है। मरकज का कोरोना कनेक्शन सामने आने के बाद जमात के अमीर मौलाना साद समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अब इस मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के बैंक अकाउंट को खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, क्राइम ब्रांच की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनको कौन-कौन लोग फंडिंग कर रहे थे। इसके अलावा किन-किन संस्थाओं से जमात को चंदा मिल रहा था। पीएफआई संस्था से फंडिंग हुई या नहीं? इसकी जांच भी की जा रही है। इस बीच मौलाना साद की भी तलाश तेज हो गई है. फिलहाल वह फरार है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कल ही मौलाना साद को दूसरा नोटिस भेजा था, जिसमें 26 सवालों के जवाब मांगे गए थे। क्राइम ब्रांच ने उसके सेल्फ क्वारनटीन में होने की दलील को इस आधार पर खारिज कर दिया कि उसके पास ऑनलाइन अपनी सफाई देने का मौका है। मरकज में खाड़ी देशों से बड़ी मात्रा में फंड मिलता है, जो जांच के दायरे में है।
क्राइम ब्रांच ने पूछे ये 26 सवाल
1- मरकज का पूरा नाम-पता और रजिस्ट्रेशन की जानकारी।
2- संगठन से जुड़े लोगों की जानकारी।
3- मरकज कमेटी के लोगों की जानकारी।
4- पिछले तीन साल के ITR की जानकारी।
5- मरकज का पैन नंबर, बैंक अकाउंट और बैंक स्टेटमेंट।
6- मरकज में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या।
7- 1 जनवरी से नोटिस की तारीख तक कितने धार्मिक कार्यक्रम हुए।
8- मरकज का पूरा नक्शा।
9- मरकज के सीसीटीवी की जानकारी, अगर हैं तो कितने सीसीटीवी कैमरे।
10- धार्मिक कार्यक्रम के लिए पुलिस या प्रशासन से मंजूरी ली?
11- क्या पुलिस या प्रशासन ने धार्मिक कार्यक्रम के लिए कोई गाइडलाइन जारी कीं।
12- मरकज मैनेजमेंट और सरकारी एजेंसियों के बीच कोई संपर्क।
13- मरकज में भाग लेने वालों की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग।
14- विदेशियों समेत 12 मार्च के बाद आए सभी श्रद्धालुओं की जानकारी।
15- 12 मार्च के बाद आए श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड का ऑरिजनल रजिस्टर।
16- क्या कोई श्रद्धालु बीमार हुआ?
17- बिल्डिंग खाली कराने के लिए मरकज ने क्या किया?
18- लॉकडाउन लागू होने के बाद क्या किया?
19- स्टाफ, वॉलंटियर्स और पार्किंग के लोगों की लिस्ट।
20- 12 मार्च के बाद आने वाले लोगों की हर रोज के हिसाब से लिस्ट।
21- 12 मार्च के बाद उन लोगों की हर दिन की लिस्ट जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
22- 12 मार्च के बाद मस्जिद या कहीं और जाने वाले लोगों की लिस्ट।
23- जिन लोगों ने मरकज में शिरकत की और बाद में उनकी मौत हो गई।
24- कर्फ्यू पास कितने लोगों को जारी कराए गए।
25- 12 मार्च के बाद मरकज का दौरा करने वाले सरकारी अफसरों की लिस्ट।
26- जांच में काम आने वाला कोई अन्य दस्तावेज।