नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। हाल ही दिल्ली के मंत्री संदीप कुमार की सेक्स स्कैंडल की सीडी के सामने आने के बाद जहां केजरीवाल को विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला वहीं आज आप विधायक कर्नल देवेंद्र सहरावत ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर दिलीप पांडे के अलावा, संजय सिंह और दुर्गेश पाठक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बिजवासन सीट आप विधायक देवेंद्र सहरावत ने खत में कहा, मैंने पंजाब में टिकट देने या उसके वादे के एवज में महिलाओं के शोषण की परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। मैं धरातल पर स्थिति का पता लगाने के लिए चंडीगढ़ में लोगों से मिल रहा हूं। दिलीप पांडेय दिल्ली में ऐसा ही कर रहे हैं। एक ‘चौकड़ी’ पार्टी को नुकसान पहुंचा रही हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली सरकार के महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार का सेक्स स्कैंडल सामने आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल से हटा दिया है। स्कैंडल में कैबिनेट मंत्री दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखाए गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह सीडी देखने के बाद संदीप कुमार को मंत्री पद से हटा दिया था और पीड़ित महिला के सामने आने के बाद संदीप पर रेप का केस दर्ज किया गया और रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।