यूपी

मुलायम का पार्टी कार्यकर्ताओं को मंत्र

Mulayam 1 मुलायम का पार्टी कार्यकर्ताओं को मंत्र

लखनऊ। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि समाजवादी पार्टी को अन्य पार्टियों से अपनी अलग पहचान बनानी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आन्दोलन को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत बनाना होगा। समाजवादी का अर्थ है समता और संपन्नता। आज की स्थितियों में समाजवाद के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं। मुलायम राजधानी में पार्टी मुख्यालय के डा0 लोहिया सभागार में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल यादव, पार्टी उपाध्यक्ष नरेश उत्तम तथा प्रदेश सचिव एसआरएस यादव भी मौजूद थे। सपा मुखिया ने इस दौरान मण्डलवार संगठन की स्थितियों की जानकारी भी ली।

मुलायम ने सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि विधान सभा चुनाव नजदीक है। समाजवादी पार्टी के विरुद्ध षड्यन्त्र हो रहे हैं। प्रदेश के बाहर भी साजिशें हो रही है। यह देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। हमें सन् 2017 का चुनाव जीतने के लिए अभी से जुट जाना होगा। मुलायम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने जितने काम किये हैं देश में दूसरी सरकारें नहीं कर सकी हैं। पढ़ाई, दवाई, सिंचाई सब मुफ्त है। किसान को 50 हजार का कर्ज माफ किया और उसकी बंधक जमीन की नीलामी रोक दी है। कन्या विद्याधन और बेकारी भत्ता दिया गया है। विकास की तमाम योजनांए लागू की गई है। इनकी जानकारी प्रदेश के हर आम आदमी तक पहुँच जानी चाहिए।

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक भी वादा पूरा नहीं कर सके हैं। इसके मुकाबले जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है क्योंकि इसकी कथनी-करनी में फर्क नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 18 से 27 अप्रैल तक साइकिल यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने को भी कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे एकजुट होकर प्रदेश में दुबारा समाजवादी सरकार बना दें। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने से आगामी लोकसभा चुनावों में भी अच्छी तैयारी से ज्यादा सीेटें जीत लेंगे।

Related posts

जॉली एलएलबी के खिलाफ उन्नाव में मुकदमा दर्ज

Rahul srivastava

कांग्रेस का नया दांव, जनता के बीच अब ‘आय पे चर्चा’ का होगा आयोजन

bharatkhabar

Fatehpur: नगर पालिका की लापरवाही झेल रहे लोग, रात होते ही एसपी ऑफिस के आसपास छा रहा अंधेरा

Aditya Mishra