लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटनाएं सरकार की नाकामी को दर्शाता है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार चुनाव में व्यस्त है।
मेरठ और आगरा की घटना पर जताई चिंता
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि मेरठ एवं आगरा की घटना शर्मशार करने वाली है। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से फेल नज़र आ रहा है। आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेने के स्थान पर पीड़ित को ही परेशान किया जाता है। रिपोर्ट लिखने में भी लापरवाही बरती जा रही है। कांग्रेस व मीडिया का दबाव पड़ने पर मजबूरी में रिपोर्ट दर्ज होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं, जंगलराज कायम हो गया है।
मेरठ के सरधना की घटना का उदाहरण देते हुए अजय लल्लू ने हमला बोला, उन्होंने कहा कि कोचिंग के लिये गयी 13 वर्षीय बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म व जहर देकर उसको मार डालने वाले आरोपियों के विरुद्ध पांच दिन तक मुकदमा नहीं दर्ज हुआ। योगी सरकार पूरी तरह सामूहिक दुष्कर्म, बलात्कार, हत्या जैसे घृणित अपराध करने वालों को संरक्षण देने का काम कर रही है।
गिनवाई प्रदेश में हुई कई घटनाएं
अजय लल्लू ने कहा कि आगरा के एत्मादपुर में सामूहिक दुष्कर्म से लेकर 2 अप्रैल को हापुड़ में छात्रा के साथ बलात्कार की घटना हुई। इसके अतिरिक्त झांसी में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या कर शव फेंकने का मामला परेशान करने वाला था। अलीगढ़ में 15 साल की मासूम का बलात्कर कर शव को रेल की पटरी पर फेंक दिया गया था, इस मामले में पुलिस ने कोई बड़ी कार्यवाही नहीं की। बालिका का शव मिलने के बाद विरोध होने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
चुनावी पर्यटन पर मुख्यमंत्री
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने योगी पर भी हमला बोला, उन्होंने कहा कि सीएम चुनावी पर्यटन में जुटे हुए हैं। इधर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। सरकार अपराधियों को संरक्षण देकर उनका हौसला बढ़ाने का काम कर रही है। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2017 से अब तक के आंकड़े बताते हैं कि महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों में उत्तर प्रदेश देश में पहले नंबर पर है।
योगी सरकार महिला उत्पीड़न रोकने में नाकाम
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा के सारे दावों की पोल खुलने लगी है। पार्टी सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करती रहती है। पिछले चार साल में उत्तर प्रदेश में स्थिति काफी बिगड़ गई है। सरकार ने पहले से चल रही व्यवस्था को भी बर्बाद करने का काम किया है। कानून व्यवस्था को सही करने का दावा भी झूठा ही साबित हो रहा है।