पंजाब में सत्ता हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी की नजर हरियाणा पर टिकी हुई हैं । आम आदमी पार्टी लगातार हरियाणा में अपनी राजनीति जमीन को मजबूत कर रही है।
यह भी पढ़े
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जापान दौरा , क्वाड समिट में लेंगे हिस्सा
इसी कड़ी में अब आम आदमी पार्टी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक बड़ी रैली करने जा रही है। इस रैली में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तक शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी की ये रैली 29 मई को होने जा रही है। वहीं आम आदमी पार्टी की इस रैली से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव की आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ मुलाकात की फोटो सामने आई है। जिसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि कपिल देव कुरुक्षेत्र में 29 मई को होने वाली आम आदमी पार्टी की रैली में पार्टी जॉइन कर सकते हैं।
बता दें कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में एक बड़ा चेहरा तलाश रही है। जिससे 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में उसे लाभ मिल सके। ऐसे में अगर कपिल देव AAP जॉइन करते हैं तो हरियाणा में केजरीवाल की पार्टी को एक बड़ा चेहरा मिल जाएगा। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
अब आम आदमी पार्टी हरियाणा पर फोकस कर रही है। खुद अरविंद केजरीवाल हरियाणा की सिवानी मंडी से हैं। गौरतलब है कि अभी तक हरियाणा से आम आदमी पार्टी में कोई नामी खिलाड़ी शामिल नहीं हुआ। ऐसे में अगर कपिल देव आम आदमी पार्टी में शामिल हो जाते हैं तो इससे आम आदमी पार्टी को खासा लाभ मिल जाएगा।