नई दिल्ली। मणिपुर विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। आपको बता दें कि मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में चार और आठ मार्च को होगा जबकि मतगणना 11 मार्च को होगी। कांग्रेस के 60 उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने जारी की है।
सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी ने चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करते हुए कहा है कि लोग एकबार फिर से कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के विचार में हैं। बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह थाउबल विधानसभा सीटे से चुनाव लड़ेंगे जिसका वह वर्तमान में प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि उनके पुत्र खंगाबोक से पहली बार चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री सिंह के 29 वर्षीय पुत्र सूरजकुमार ओकराम अपनी मां ओकराम लंधोनी की जगह उनकी सीट से चुनाव लड़ेंगे जो खंगाबोक सीट से लगातार दो बार से विधायक हैं।
गौरतलब है कि मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में चार और आठ मार्च को होगा, कांग्रेस राज्य की सत्ता में फिर से लौटना चाहती है। इबोबी सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार तीन बार से राज्य में सत्ता में है। 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती थीं।