मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को अलीबाग में हेलिकाप्टर के पंखे से घायल होने से बाल-बाल बचे। घटनास्थल पर तत्काल सुरक्षा रक्षकों ने मुख्यमंत्री को बगल में किया, जिससे किसी भी तरह की अनिष्ट घटना नहीं हो सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को शेकाप विधायक जयंत पाटील के जन्मदिन पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में सहभागी होने के लिए रायगढ़ गए थे। कार्यक्रम समाप्त हो जाने के बाद वह जेएसडब्ल्यू इस्पात कंपनी के हेलीपैड पर दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर हेलिकाप्टर में सवार होने के लिए जा रहे थे। उस समय हेलिकाप्टर में चढ़ने से पहले ही हेलिकाप्टर ने टेकऑफ लेना शुरू कर दिया।
इससे हेलिकाप्टर का पंखा अचानक मुख्यमंत्री के सिर से लगते-लगते बचा। वहां तैनात सुरक्षारक्षकों ने तत्काल मुख्यमंत्री को बगल में कर उन्हें सुरक्षित किया। इसके बाद हेलिकाप्टर की फिर से लैंडिंग की गई और बाद में उसी हेलिकाप्टर से मुख्यमंत्री मुंबई लौटे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पूरी तरह स्वस्थ्य बताया है और इस बारे में किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है।