Breaking News यूपी

सपा में शामिल होंगे खेसारी! अखिलेश से मुलाकात में हुई ये चर्चा

202582554 4257782984244512 821979005565573095 n सपा में शामिल होंगे खेसारी! अखिलेश से मुलाकात में हुई ये चर्चा
लखनऊ। यूपी (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) ने मुलाकात की है। जिसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव में सपा के लिए खेसारी लाल यादव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
मंगलवार को खेसारी लाल यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की। उनकी इस मुलाकात की जानकारी खुद अखिलेश यादव ने दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि- लोकप्रिय भोजपुरी फिल्म अभिनेता व गायक खेसारी लाल यादव से हुई मुलाकात और बाइस में बाइसिकल के संकल्प की बात। हैश टैग के साथ बाइस में बाइसिकल।
ऐसा माना जा रहा है अखिलेश द्वारा बाइस में बाइसिकल के संकल्प की बात के बाद खेसारी लाल यादव को सपा चुनावी प्रचार में उतार सकती है। इतना ही नहीं पूर्वांचल की किसी सीट से टिकट भी दे सकती है। हालांकि मूलरूप से बिहार के सिवान निवासी खेसारी लाल की ओर अभी चुनाव को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन, अखिलेश की टिप्पणी के बाद खेसारी लाल यादव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो चुका है।
WhatsApp Image 2021 06 22 at 7.23.43 PM सपा में शामिल होंगे खेसारी! अखिलेश से मुलाकात में हुई ये चर्चा
पहले भी कई भोजपुरी सितारे चला चुके हैं साइकिल
समाजवादी पार्टी की बात करें तो पहले भी कई भोजपुरी सितारों ने साइकिल की सवारी की है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रह चुके और दिल्ली से ही सांसद मनोज तिवारी भी सपा की साइकिल पर सवार हो चुके हैं। इतना ही नहीं मनोज तिवारी ने गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था। वहीं बिरहा सम्राट के नाम से मशहूर और भाजपा नेता बन चुके दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाई विजय लाल यादव भी सपा में ही हैं। उन्हें सपा सरकार के दौरान राज्यमंत्री का दर्जा भी प्राप्त था।
इतना ही नहीं अखिलेश यादव के खिलाफ 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ से बीजेपी के टिकट पर ताल ठोंक चुके दिनेश लाल यादव निरहुआ भी समाजवादी चोला पहन चुके हैं। उन्होंने भी कई बार सपा का प्रचार किया है। इसके अलावा आम्रपाली दुबे भी भी सपा का प्रचार कर चुकी हैं। वहीं गायक समर सिंह भी समाजवादी खेमे के माने जाते हैं। उन्होंने सपा और अखिलेश यादव के लिए कई गाने भी गाए हैं।
निरहुआ बनाम खेसारी की लड़ाई होगी दिलचस्प
अगर खेसारी लाल यादव समाजवादी पार्टी का प्रचार करते हैं, तो पूर्वांचल में माहौल काफी दिलचस्प हो जाएगा। गौरतलब है कि दिनेश लाल यादव और मनोज तिवारी को भाजपा चुनावी प्रचार के लिए मैदान में जरूर उतारेगी। इन दोनों ही कलाकारों की पूर्वांचल के लोगों में अलग छाप है। वहीं अगर खेसारी को सपा चुनावी मैदान में उतारती है, तो यह मुकाबला दिलचस्प रूप ले लेगा।
2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान फिल्मी अंदाज में बयानबाजी कर निरहुआ ने खूब लाइमलाइट बटोरी थी। वह खूब चर्चा में रहे थे। वहीं अगर खेसारी भी प्रचार करने उतरते हैं तो दिनेश और खेसारी का मुकाबला काफी दिलचस्प हो जाएगा। गौरतलब है कि खेसारी अपने कॉमिक अंदाज और हाजिरजवाबी के लिए जाने जाते हैं।

Related posts

गोरखपुर के 181 गांव बाढ़ प्रभावित, जलशक्ति मंत्री ने बताया बचाव का प्‍लान

Shailendra Singh

मध्यप्रदेश: मानसिक रूप से बीमार युवक शेरों के बाड़े में कूदा, 25 मिनट तक रहा मौजूद

Breaking News

मैनपुरी में 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के बाद फांसी लगाकर की हत्या

mahesh yadav