Breaking News यूपी

यूपी में सरकारी अव्यवस्था से हो रहीं मौतें, सीएम कह रहे ऑल इज वेल: अखिलेश

akhilesh yadav 3 यूपी में सरकारी अव्यवस्था से हो रहीं मौतें, सीएम कह रहे ऑल इज वेल: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में डेंगू, वायरल बुखार से हाहाकार मचा हुआ है। अस्पतालों में भारी भीड़ है। समय से समुचित इलाज न मिलने से बच्चों की मौंते हो रही है। सत्तारूढ़ भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री इसके बावजूद ‘आल इज वेल‘ का झूठा दावा कर रहे हैं। ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाओं की ओर भाजपा सरकार का ध्यान नहीं है।

अस्पतालों में भीड़ बता रही है, व्यवस्था फेल है

अखिलेश ने कहा कि डेंगू बुखार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सैकड़ों मासूमों की जान ली। अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इसका प्रकोप दिखाई दे रहा है। खुद राजधानी लखनऊ के अस्पतालों से मरीजों की भीड़ सम्हाले नहीं सम्हल रही है। हालत बिगड़ने की वजह से दवाइयों तक का स्टॉक कम हो गया है। गम्भीर बीमार भी अस्पतालों से वापस किए जा रहे हैं। बेड न होने के बहाने से उनका प्राथमिक उपचार भी नहीं किया जा रहा है।

सैकड़ों घरों में मातम, दिल दुखाने वाली आ रहीं तस्वीरें

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, कानपुर, फर्रुखाबाद सहित कई जनपदों में मातम पसरा हुआ है। बच्चों को खो चुकी माताओं की चीखें विज्ञापनों के हवाई दावों से परे वह हकीकत है जिसने सैकड़ों घरों को आंसुओं के समंदर में डुबो दिया है। मथुरा में एक बीमार बच्चे का पिता अधिकारी के पैरों में गिरकर इलाज कराने की गुहार लगा रहा है। एक दिव्यांग महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को गोदी में लिए इलाज के लिए गुहार लगा रही है जिसे अस्पताल वालों ने इलाज के बजाय बाहर खदेड़ दिया।

भाजपा संवेदनहीन

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में संवेदना छू भी नहीं गई है। बुलंदशहर के जिला अस्पताल में छत टपक रही है। राजधानी के अस्पताल में सीलन दूर नहीं हो पाई है। सीतापुर में समाजवादी सरकार के समय करोड़ों रूपयों से ट्रामा सेंटर बने 5 साल बीतने को है, अभी तक चालू नहीं किया गया है।

सीएम का दावा फेल

उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में प्रदेश में लाशों का खेल होता रहा। मुख्यमंत्री दावा करते रहे कि तीसरी लहर आने से पहले ही सब तैयारियां कर ली गई है। वार्डों में बेड बढ़ गए है, दवांए पर्याप्त हैं परन्तु डेंगू के पहले दौर में ही स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आलम यह है कि गरीब आदमी न जी पा रहा है, ना मर पा रहा है। इलाज उसके लिए चांद सितारों को तोड़कर लाने जैसा हो गया है।

भाजपा के खिलाफ रोष व्यापक

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जितनी उपेक्षा दिखा रही है उससे भाजपा के खिलाफ व्यापक जनरोष की लहर चल रही है। भाजपा की दमनकारी, दम्भी सत्ता अब कभी वापस नहीं आएगी। सभी 2022 में समाजवादी सरकार बनने के बारे में विश्वस्त हैं।

Related posts

पहाड़ों पर स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिए निर्देश, एमसीआई के मानकों के तहत नियमावली हो तैयार

Aman Sharma

कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में सामने आए 30,818 नए मरीज, 2,024 की मौत

Rahul

लखनऊ: स्वास्थ्यकर्मियों की मांग- सभी कोरोना वॉरियर्स को मिले प्रोत्साहन राशि

Shailendra Singh