लखनऊ: देश आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण कर रहा है। इसी क्रम में राजधानी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में ‘मेरी यात्रा, अटल यात्रा’ नाटक का मंचन किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मेरी यात्रा, अटल यात्रा’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री और देश के यशस्वी नेता रहे हैं। अटलजी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में आना मेरे लिए सौभाग्य है। अटलजी का भारतीय राजनीति में अलग स्थान रहा है। एक लंबे समय तक सत्ता और विपक्ष में रहकर उन्होंने प्रभावित किया है।
अटलजी ने दी राजनीतिक स्थिरता: मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने कहा, एक स्थायी सरकार देने का श्रेय भी अटल जी ही जाता है। जब लोकतंत्र खतरे में था तो उन्होंने ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान से जुड़कर लोकतंत्र को बचाया। उन्होंने विपक्ष में रहते हुए कई कार्य किए। यही नहीं इस देश को राजनीतिक स्थिरता देने का काम अटलजी ने किया था। वे सबसे अलग थे।
सूबे के मुखिया ने कहा, अटलजी ने हमें बहुत कुछ दिया। वे आदर्शों की राजनीति करते थे। सिद्धांतविहीन राजनीति नहीं करते थे। आज से तीन वर्ष पहले भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी कृतियां हमारे साथ हैं। उनकी तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर हम यहां पर उपस्थित हुए हैं। बृजेश पाठक को बहुत-बहुत धन्यवाद कि उन्होंने अटल जी की स्मृतियों को एकत्रित किया है। अटल जी से जुड़े हुए सभी महानुभावों को सम्मानित किया जा रहा है। अटल जी के स्मृति में बनाए गए इस फाउंडेशन को मेरी शुभकामनाएं।
सीएम योगी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
पूर्व पीएम वाजपेयी जी की तीसरी पुण्य स्मृति पर अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से ‘मेरी यात्रा, अटल यात्रा’ नाटक का मंचन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वल्लित करके किया है। इस दौरान अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।
इस कार्यक्रम में सीएम योगी के अलावा जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और मंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य मंत्रीगण व अधिकारी मौजूद हैं। ये कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष बृजेश पाठक की अध्यक्षता में हो रहा है। इस नाटक की प्रस्तुति मुंबई से आए हुए कलाकारों द्वारा दी गई।