देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने साहित्यकार एवं वरिष्ठ पत्रकार चारू चंद्र चंदोला के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में दिवंगत चारू चंद्र चंदोला के अभूतपूर्व योगदान को हमेशा याद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्व. चारू चंद्र चंदोला अपनी काव्य रचनाओं में पहाड़ की सुंदरता का वर्णन बड़ी ही सौम्यता से किया करते थे।
बता दें कि वे अपने लेखों में पहाड़ की भौगोलिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक परिस्थितियों को जीवंतता से उजागर किया करते थे। मुख्यमंत्री ने स्व.चारू चंद्र चंदोला के निधन को साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट ने दिवंगत चारू चंद्र चन्दोला के आवास पर जाकर मुख्यमंत्री की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों को सांत्वना दी।