देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बीते शुक्रवार को अपराह्न में जनपद उत्तरकाशी में ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी सुनगर के समीप हुई टेम्पो ट्रैवल वाहन दुर्घटना में मृत लोगों के प्रति गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शान्ति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दुर्घटना में घायल लोगों के समुचित उपचार के साथ ही अनुमन्य राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को इस दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के साथ ही यात्रा मार्ग पर संचालित वाहनों की फिटनेस एवं ओवरलोडिंग की भी नियमित जांच के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने आवश्यकता पड़ने पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी को हैलीकॉप्टर उपलब्ध कराने के सचिव आपदा को निर्देश दिये हैं।
वहीं जिलाधिकारी उत्तरकाशी के अनुसार शुक्रवार को अपराह्न में जनपद उत्तरकाशी में ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी सुनगर के समीप हुई टेम्पो ट्रैवल वाहन दुर्घटना में 08 लोगों की मृत्यु तथा पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया हैं।