लखनऊ: कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड मामले में जेल में बंद खुशी दुबे की मां को आम आदमी पार्टी का समर्थन मिला है। शनिवार को खुशी दुबे की मां के साथ प्रेसवार्ता करके आप सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधा। वहीं, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल त्रिपाठी ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
मां ने लगाई बेटी को रिहा करने की गुहार
खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी ने पत्रकारों से कहा कि, हमारी यही मांग है कि हमारी बेटी को रिहा किया जाए। आज 11 महीने हो गए हैं, हमारी बेटी अधमरी हो गई है। जबसे वहां गई, वह अधमरी हो गई है। पता नहीं वहां उसके साथ क्या किया गया। उसको खून की उल्टी होती है।
वहीं, आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि परिवार को आशंका है कि खुशी की कहीं हत्या न कर दी जाए। इसलिए माता जी को यहां बुलाया, जिससे कि उनकी आवाज योगी सरकार के कानों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी पर कसा तंज
उन्होंने कहा कि, पिछले 15 दिन से अपनी सरकार बचाने के लिए दर-दर घूमकर मिन्नते करने में जुटे यूपी के ‘घुटना टेक मुख्यमंत्री’ गरीबों पर ही अपनी ताकत दिखाते हैं। जब सरकार पर बन आती है तो बेबस नजर आने वाले घुटनाटेक मुख्यमंत्री खुशी दुबे के लिए ताकतवर बन जाते हैं। अमर दुबे की मां के लिए ताकतवर हो जाते हैं। हीरू दुबे की मां, विकास की नौकरानी रेखा अग्निहोत्री और उसके ढाई साल के बच्चे को जेल भेजकर अपनी ताकत दिखाते हैं।
आप सांसद ने कहा कि, पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश का सारा काम ठप है। कोरोना के कारण जो लोग बेरोजगार हुए उनको कैसे राहत दी जाएगी, सरकार को इसकी चिंता नहीं है। जिन लोगों की मृत्यु हुई और उन्हें लकड़ियां न मिलने के कारण दफनाया गया, उनके परिजन की सरकार को चिंता नहीं है। अनाथ बच्चों के भविष्य की सरकार को चिंता नहीं है।
सीएम योगी से इस्तीफा देने की अपील
सांसद संजय सिंह ने कहा कि, जब कोई आपके खिलाफ बोलता है तो आप उस पर मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेज देते हैं, लेकिन आज अपनी कुर्सी बचाने के लिए इतने बेबस और लाचार नजर आ रहे हैं कि आपका नाम ‘घुटना टेक मुख्यमंत्री’ रख देना चाहिए। इसे लेकर मुख्यमंत्री सोशल मीडिया पर उपहास का पात्र बन रहे हैं। मुख्यमंत्री जी अभी मौका है, मजाक बनने से बचिए। इतने अपमान से अच्छा है कि आप यूपी के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दीजिए, जिससे प्रदेश का काम आगे बढ़ सके।
इसके अलावा ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल त्रिपाठी ने कहा कि, मामले में तीन दिन पहले अमर दुबे से ब्याही गई खुशी दुबे को गिरफ्तार किया। उस पर गिरोह चलाने के आरोप लगे। विकास दुबे के दबाव में तीन दिन पहले अमर से ब्याही गई नाबालिग खुशी दुबे भला कैसे गैंग चला सकती है।
यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि, जब मामले ने मीडिया में तूल पकड़ा तो वहां के तत्कालीन एसएसपी ने बयान दिया कि खुशी निर्दोष है और उसको छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद भी खुशी दुबे आज 10 महीने से जेल में यातनाएं झेल रही है। जिस खुशी दुबे को खुद तत्कालीन एसएसपी ने निर्दोष बताया था, उस पर हत्या से लेकर विस्फोटक अधिनियम तक का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उस पर 17 धाराएं लगा डालीं। न कोई आरोप न कोई चार्जशीट जो यूपी पुलिस कहे, वही सही।
राहुल त्रिपाठी ने कहा कि, पुलिस ने बिना किसी आरोप नाबालिग को जेल भेज दिया। जो धाराएं आतंकवादियों पर नहीं लगतीं, वो 16 साल की लड़की पर लगा दी गईं। विष्णु तिवारी की 20 साल बेगुनाह होने के बाद कैद होने के मामले का उल्लेख करते हुए खुशी के मामले में भी पुलिस का वैसा ही खेल होने का आरोप राहुल ने लगाया। कहा, जब तक कोर्ट किसी को दोषी साबित नहीं करता, वह हमारी नजर में निर्दोष है।
कई लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता
उधर, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दिनों हमने गंगा और गोमती में प्रदूषण का मुद्दा उठाया। पर्यावरणविद डॉ. संजय चौधरी इससे प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। हम गंगा और आदिगंगा से जुड़े जिन मुद्दों को उठा रहे हैं, उसे डॉ. संजय चौधरी के आने से और मजबूती मिलेगी।
इसके बाद प्रदेश प्रभारी ने पर्यावरणविद डॉ. संजय चौधरी को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर उनके साथ डॉ. प्रवीन, अमित श्रीवास्तव, सुशील तिवारी, कमल कपूर, मनोज शाश्वत, चंद्रभान सिंह सहित कई लोगों ने पार्टी सदस्यता ग्रहण की। इस प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश सहप्रभारी ब्रज कुमारी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र सिंह, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव मौजूद रहे।