नई दिल्ली। केन्या के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों मुल्क एक तरह की विरासत को साझा करते हैं। पीएम ने कहा कि जिस तरह से भारत ने साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष किया था, ठीक वैसे ही केन्या ने साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी। केन्या और भारत के सामने साझा चुनौतियां है जिनका सामना दोनों देश मिलकर कर सकते हैं। पीएम ने कहा कि केन्या के विकास के लिए भारत सरकार हरसंभव मदद करने को तैयार है।
दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के लिए आपसी व्यापार को और बढ़ाना होगा। भारत सरकार केन्या में कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। दालों की खेती के संबध में दोनों देश लंबी अवधि का समझौता कर आगे बढ़ सकते हैं। केन्या के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश भारत के साथ मिलकर आगे चलने को तैयार है। भारत सरकार जिस तरह से केनियाई छात्रों की मदद कर रही है, उसे और आगे बढाने की जरूरत है। इस मौके पर दोनों देशों में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को बढ़ावा देने के लिए समझौते किए गए।