रामपुर। समाजवादी पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर परिवार में मचे घमासान से सरकार में सत्ता सुख भोग रहे मंत्रियों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। रामपुर में आनन फानन में मध्य रात्रि में ही बी अम्मा गेट का उद्घाटन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री आजम खान ने अपने दुख और अफसोस का इजहार कुछ इस तरह किया कि सभी सुनने वाले भी दंग रह गये। उन्होंने कहा कि आज जो हो रहा है इतिहास में बुरे लफ्जों में लिखा जायेगा। रिश्तों पर उंगली उठेगी लोग लहू पर यकीन नहीं करेंगे। खून से खून जुड़ा होने लगा है।लोग औलाद के नाम से औलाद बाप के नाम से नफरत करने लगेंगे। रिश्तों के बिगाड़ ने प्रदेश का मुकद्दर बिगाड़ दिया।
आजम खान ने कहा कि पांच साल कामयाबी के बाद आज पार्टी नुख्ताचीनी का विषय बनी हुई है। भाजपा जश्न मना रही है और समाजवादी लोग मायूस है। समाजवाद और लोकतंत्र दोनों आंखों से आंसू बहा रहा है। देश के सबसे बड़े राज्य में राजनीती करने वाले इतने हलके साबित होगें यह हम सबके लिए शर्म की बात है।
उन्होंने कहा कि अमर सिंह का नाम लिए उन पर निशाना साधते हुए कहा कि एक मछली ने पूरे तालाब को गंदा कर दिया। उत्तर प्रदेश और सपा को व्यक्ति और विचार की गन्दगी ने नाइंसाफी के दहाने पर खड़ा कर दिया। पूरी सरकार का सौदा करने वाले किसी घटिया व्यक्ति को मजबूत न होने दे। आजम खॉ ने अपने सम्बोधन में एक और बात कहकर सभी को चौंका दिया। आजम ने कहा कि पार्टी से निकाले जाने पर भी हमने कश्ती नहीं बदली। उन्होने कहा कि आज हमारे सामने बड़ी चुनौती है कि किस तरह भाजपा को सत्ता में आने से रोकें। उन्होने खुद को सही फैसला लेने और बड़ों को भी सद्बुद्धि आने की दुआ की।
रवि सक्सेना, संवाददाता