दिल्ली के शाहदरा में निजी रंजिश को लेकर एक 20 साल की महिला के साथ गैंगरेप किया गया। इसके बाद महिला के बाल काटकर उसके चेहरे पर कालिख पोती गई और फिर जूतों की माला पहनाकर सड़कों पर घुमाया गया।
महिला के साथ पहले गैंगरेप किया फिर सिर मुंडवाया
राजधानी दिल्ली में क्रूरता की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर आपके भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे। दिल्ली के शाहदरा में निजी रंजिश को लेकर एक 20 साल की महिला के साथ गैंगरेप किया गया। इसके बाद महिला के बाल काटकर उसके चेहरे पर कालिख पोती गई और फिर जूतों की माला पहनाकर सड़कों पर घुमाया गया। वहीं इस शर्मानाक घटना के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी केंद्रीय गृहमंत्री और उपराज्यपाल से इस मामले में सख्त एक्शन लेने की अपील की है।
गैंगरेप का मुकदमा दर्ज, चार महिलाओं को किया गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली की ये दिल दहला देनी वाली घटना वाकई शर्मनाक है। वहीं पुलिस ने इस मामले में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करके चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से बताया गया कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते महिला के साथ इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित महिला शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। पीडिता की बहन के मुताबिक महिला के घर के पीछे पड़ोस में रहने वाला एक लड़का अक्सर उससे बात करना चाहता था। उस लड़के ने 12 नवंबर को खुदकुशी कर ली थी। लड़के के परिवार वालों को लगता था कि खुदकुशी की वजह महिला है।
स्वाति मालीवाल ने पीड़ित से मुलाकात की
वहीं दूसरी तरफ, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़ित से मुलाकात की है। उन्होंने दावा किया है कि इसे अवैध शराब बेचने वालों ने अंजाम दिया है। मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि ये बेहद शर्मनाक है, अपराधियों की इतनी हिम्मत हो कैसे गई? केंद्रीय गृहमंत्री जी और उपराज्यपाल जी से मैं आग्रह करता हूं कि पुलिस को सख़्त एक्शन लेने के निर्देश दें, कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। दिल्लीवासी इस तरह के जघन्य अपराध और अपराधियों को किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं करें।
दिल्ली पुलिस ने ऑफिशल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया
वहीं शाहदरा के डीसीपी आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि इस मामले में अबतक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘आज शाहदरा जिले में निजी दुश्मनी के चलते एक महिला के साथ सेक्सुअल असॉल्ट की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोच लिया है और जाच जारी है। पीड़ित को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है और उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।’