नई दिल्ली। भारत ने चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के तीन पत्रकारों को देश छोड़ने के लिए कहा है। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ का प्रतिनिधित्व कर रहे भारत में बसे तीन चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि बढ़ाने से सरकार ने मना कर दिया है।
भारत ने चीन के मामले में पहली बार इस तरह का कदम उठाया है। इन पत्रकारों पर आरोप है कि ये लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। इस कदम से दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव और बढ़ सकता है। तीनों पत्रकारों को 31 जुलाई तक भारत छोड़ने को कहा गया है। ये शिन्हुआ के नई दिल्ली और मुंबई में कार्यरत हैं।
शिन्हुआ न्यूज़ एजेंसी चीन की सबसे प्रभावशाली समाचार एजेंसी है। वहीं चीनी विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर इस मुद्दे पर टिप्पणी करने के लिए मना कर दिया है। जानकारों का कहना है कि भारत के इस फैसले के बाद चीन भी ऐसी ही कार्रवाई कर सकता है।