इटावाः जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एक युवक को पेड़ से बांधकर इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई।
दरअसल, पूरा मामला चौबिया थाना क्षेत्र के गोपालपुर अगूपुर गांव का है, जहां मैनपुर के नागला वीरे का रहने वाला अनिल यादव महिला के गांव में गेहूं काटने वाली कम्पाइन चलाता था। इस दौरान अगूपुर गांव की रहने वाली एक महिला से उसका प्रेम संबंध हो गया। महिला का पति सूरत में रहता था। जिसका फायदा उठाते हुए अनिल यादव समय-समय पर महिला से मिलने उसके घर पर जाता रहता था।
बीते शुक्रवार को जब अनिल महिला से मिलने उसके घर गया तो परिजनों ने उसे बंधक बना लिया। उसे पेड़ से बांधकर खूब पिटाई की। पिटाई से युवक की मौत हो गई। मौत के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की नाकाम कोशिश की।
शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस जब पहुंची तो आरोपी घर पर ताला मार कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस आरोपियों की तालश कर रही है।