जम्मू। जम्मू कश्मीर में मंगलवार को कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में बारिश से सर्द हवाएं और तेज़ हो गई हैं| अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में ज्यादा फर्क नहीं रह गया है। इसी बीच बीते मंगलवार को वैष्णों देवी के त्रिकुटा पर्वतों पर इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। त्रिकुटा पर्वतों के साथ-साथ पत्नीटाप तथा नत्थाटाप में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी व बारिश से राज्य में ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इसी बीच जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से राज्य के तापमान में बढोतरी होने की सम्भावना है।पहलगाम तथा गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.9 तथा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं करगिल शून्य से नीचे 20 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि लेह का न्यूनतम तापमान शून्य ये नीचे 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के ही कटरा का न्यूनतम तापमान 5.4, बटोत 0.4 बनिहाल शून्य से नीचे 1.5, भद्रवाह 0.4 तथा उधमपुर का 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।