अहमदाबाद। विश्व हिंदू परीषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्रकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया रात के समय एक पार्क में बेहोश पाए गए, जिसके बाद उन्हें नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में तोगड़िया का इलाज चल रहा है। दरअसल तोगड़िया सोमवार को दिनभर लगभग 11 घंटे तक लापता रहे। वीएचपी के अध्यक्ष के इस अवस्था में पाए जाने के बाद राजस्थान से लेकर गुजरात तक हड़कंप मचा हुआ है। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक तोगड़िया विश्व हिंदू परीषद के मुख्यालय से सुबह 10.45 मिनट पर एक रिक्शे से निकले थे।
इस दौरान सुरक्षाकर्मी को भी साथ आने से मना कर दिया था। तोगड़िया को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली है। इसके बावजूद वे अकेले ही निकल गए। पुलिस के मुताबिक तोगड़िया दस साल पुराने एक मामले में राजस्थान पुलिस तोगड़िया को गिरफ्तार करने अहमदाबाद पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि श्रीगंगानगर पुलिस वारन्ट लेकर उनके घर गई, लेकिन वो वहां हमें नहीं मिले। तोगड़िया के लापता होने पर वीएचपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश पनपने लगा। उनका कहना था कि राजस्थान पुलिस तोगड़िया को वीएचपी दफ्तर से अपने साथ ले गई थी।
प्रवीण तोगड़िया का अगले कुछ घंटों तक कोई सुराग न मिलने पर वीएचपी कार्यकर्ता बेकाबू होने लगे। गुजरात के कई जगहों पर प्रदर्शन होने लगे।देर शाम करीब 9 बजे के लगभग प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद के शाही बाग इलाके में एक पार्क के अंदर बेहोश पड़े मिले। उन्हें वहीं पास के चंद्रमणि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनके शऱीर में शुगर लेवल कम होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए।