featured यूपी

रामनवमी पर आरती, मुस्लिम महिलाओं ने की कोरोना संकट से बचाने की प्रार्थना

रामनवमी पर आरती, मुस्लिम महिलाओं ने की कोरोना संकट से बचाने की प्रार्थना

वाराणसी: रामनवमी का पावन पर्व आज देशभर में सादगी के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम की आरती की। इस बार भी उन्‍होंने भगवान राम की आरती की, लेकिन अलग अंदाज में।

बुधवार को मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने सभी मुस्लिम महिलाओं को भीड़ जुटाने से मना कर दिया। आज सिर्फ उन्हीं चार महिलाओं को आरती में बुलाया गया, जो प्रतिदिन श्रीराम आश्रम में आरती करती आ रही हैं।

कोरोना महामारी से बचाने की प्रार्थना  

वाराणसी के इंद्रेश नगर लमही में स्थित श्रीराम आश्रम में सोशल डिस्‍टेंसिंग का पालन करते हुए नाजनीन अंसारी सहित पांच मुस्लिम महिलाएं भगवान राम की आरती के लिए एकत्रित हुईं। सभी ने मुंह पर मास्क लगाया और हाथों को अच्छी तरह धुलकर श्रीराम की आरती की और इस दुनिया को कोरोना से बचाने के लिए भगवान राम से प्रार्थना की।

मुस्लिम महिलाओं ने उर्दू में लिखी श्रीराम आरती और श्रीराम प्रार्थना का गायन किया और हनुमान चालीसा का पाठ कर इस भयानक संकट से मुक्त कराने के लिए प्रार्थना की। सभी मुस्लिम–हिन्दू महिलाओं का यह मानना है कि भगवान श्रीराम के धरती पर अवतार लेने के दिन अर्थात् रामनवमी के दिन से ही कोरोना का संकट कम होगा और जल्द ही खत्म हो जाएगा।

कोरोना मरीजों के लिए दो मंत्र

इस दौरान मुस्लिम महिला फाउण्डेशन ने कोरोना मरीजों को भगवान श्रीराम के दो मंत्र जपने की सलाह दी, जिससे उनके अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और वे जल्दी ठीक हों। ये दो मंत्र हैं- “रां रामाय नम:” और “हं हनुमते रूद्रात्मकाय हुं फट्।”

 

 

इस अवसर पर मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने कहा कि, राम का नाम त्याग, लोक कल्याण एवं मोहब्बत का नाम है। इस समय पूरे देश को राम का नाम जपना चाहिए, जिससे घर में रहने और न्यूनतम आवश्यकता में अपनी पूर्ति का धैर्य प्राप्त हो। पूरी दुनिया को इस महामारी से बचने के लिए राम नाम का जप करना चाहिए। राम का नाम ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला है।

‘देश को राम नाम का सहारा’

वहीं, विशाल भारत संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि, मुस्लिम महिलाओं ने साम्प्रदायिक एकता का संदेश दिया है और संकट के समय देश के लिए श्रीराम की शरणागत हुई हैं। भगवान राम का नाम ही इस समय देश की रक्षा करेगा। कोरोना संकट के समय हमें धैर्य बनाये रखना है। जो राम के शरणागत होगा, उसका जीवन सुखी और निरोगी होगा। राम के नाम से संकट मोचन हनुमान जी संकट दूर करते हैं।

रामनवमी के अवसर पर श्रीराम आरती में नाजनीन अंसारी के अलावा नजमा परवीन, नगीना बानो, तबस्सुम, नाजमा बानो ने भाग लिया। आरती का गायन अर्चना भारतवंशी, दक्षिता भारतवंशी, खुशी रमन भारतवंशी, इली भारतवंशी, डॉ. मृदुला जायसवाल ने किया।

Related posts

देवभूमि अपने ननिहाल पहुंचे सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, ममेरे भाई नरेन्द्र परमार से की मुलाकात

Rani Naqvi

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में मनाया रक्षाबंधन का पर्व, महिलाओं ने बांधी सीएम को राखी

Saurabh

बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, सीएम नीतीश कुमार मे जताया दुख

Rahul