अमित गोस्वामी, संवाददाता
गोवर्धन में एकादशी से पूर्णिमा तक गिरिराज धाम में परिक्रमार्थियों का मेला लगा रहता है। पूर्णमासी और रविवार की छुट्टी होने के चलते भारी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पंहुचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज को दूध और फूल अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
भारी संख्या में गिरिराज महाराज के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु
मथुरा- गोवर्धन में एकादशी से पूर्णिमा तक गिरिराज धाम में परिक्रमार्थियों का मेला लगा रहता है। पूर्णमासी और रविवार की छुट्टी होने के चलते भारी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पंहुचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज को दूध और फूल अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। माघ मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर भक्तों ने गिरिराज प्रभु पर दूध चढ़ाकर परिक्रमा लगाई। दानघाटी मंदिर में पुजारी दीनू कौशिक ने पूजा अर्चना कराई। प्रभु की 21 किमी की परिक्रमा कर मनोकामना पूरी होने के लिए लोग झोली फैलाते नजर आए।
जाम में फंसा गोवर्धन धाम, भक्तों ने किए दर्शन
श्रद्धालु यहां पैदल परिक्रमा, दण्डवती परिक्रमा, दुग्धधार और परिक्रमा लगाकर प्रभु से आशीर्वाद मांग रहे हैं। गिरिराज प्रभु के धाम में रात-दिन लोग परिक्रमा कर रहे हैं। पूर्णिमा पर लाखों लोग गिरिराज महाराज की पैदल परिक्रमा लगाते हैं। रविवार को भारी ट्रैफिक जाम के बीच गिरिराज भक्तों ने प्रभु के दर्शन किए। ई-रिक्शा चालकों के बीच सवारियों को बिठाने की होड़ से जाम की दुश्वारियां श्रद्धालु भक्तों को झेलनी पड़ी। बस स्टैंड से लेकर डीग अड्डा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि बाद में पुलिस प्रशासन द्वारा वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी।