उत्तराखंड कांग्रेस की दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश का हार्ट अटैक आने से निधन हो गया है। बता दें आज सुबह उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां हृदय गति रुकने की वजह से उनकी मौत हो गई।
पार्टी को लगा बड़ा झटका
कांग्रेस की कद्दावर नेता इंदिरा हृदयेश की मौत से पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पिछले दो दशकों से कांग्रेस पार्टी का प्रमुख चेहरा रहीं डॉ. इंदिरा हृदयेश राज्य में विपक्ष की कद्दावर नेता थीं। राजनीतिक परिपक्वता और गंभीर अंदाज की वजह से विपक्षी भी उनका सम्मान करता था। जिस पर कांग्रेस के नेताओं ने शोक जताया है।
कई नेताओं ने शोक किया व्यक्त
कांग्रेस नेता अल्का लांबा, अनिल चौधरी, सरल पटेल समेत कई नेताओं ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट कर लिखा कि इस मुश्किल घड़ी में मैं उनके परिजनों के साथ हूं, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
कल ही प्रदर्शन में लिया था हिस्सा
बता दें शनिवार को इंदिरा हृदयेश ने कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के तहत हल्द्वानी में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। वहीं उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी के रणनीतिक अभियान का वो प्रमुख हिस्सा थीं। इसी के मद्देनजर वो दिल्ली में होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए कल यहां आई थीं।