मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को रुदौली और गोसाईगंज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जहां विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया तो वहीं अयोध्या की पांचों सीटों पर जीत का दावा किया।
अयोध्या की पांचों सीटों पर सीएम योगी ने किया जीत का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को रुदौली और गोसाईगंज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जहां विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया तो वहीं अयोध्या की पांचों सीटों पर जीत का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या सुंदर नगरी बनने जा रही है। अयोध्या में अन्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट और मेडिकल कालेज बन रहा है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में सिर्फ सैफई महोत्सव होता था। आज अयोध्या में दीपोत्सव, मथुरा में रंगोत्सव, काशी की देव दीपावली और प्रयागराज में भव्य और दिव्य कुंभ के आयोजन से देश-दुनिया में छा जाता है।
रामभक्तों का 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए रामभक्त 500 वर्ष से इंतजार कर रहे थे। जब भाजपा की सरकार आई तो सारी बाधाएं दूर हुईं और भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हुआ। 2023 के अंत में जब रामलला विराजमान होंगे तो पूरी दुनिया कहेगी यह है हमारी अयोध्या। उन्होंने कहा कि हम लोग रामराज्य की संकल्पना को साकार करने जा रहे हैं। यह काम सपा और बसपा कभी नहीं कर पाती। हमने 500 वर्ष का इंतजार खत्म करवाया है तो अयोध्या की पांच सीटों पर भाजपा को जिताना है।
हम हर जरूरतमंद को सुविधा दे रहे हैं- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि हम हर जरूरतमंद को सुविधा दे रहे हैं। सपा का विकास कब्रिस्तान की बाउंड्री वाल बनवाना था। गरीब के योजनाओं का पैसा इत्र वाला मित्र डकार जाता था। इसीलिए सरकार का बुलडोजर सड़क भी बनाता है और माफियाओं को रौंदने का काम भी करता है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले नौकरी निकलती थी सैफई खानदान वसूली पर निकल पड़ता था। सपा-बसपा की सरकार दुमदार थी। सपा सरकार में 700 दंगे, बसपा में 367 दंगे और भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। पहले अयोध्या में दुर्गा पूजा में जुलूस को रोक दिया जाता था। दंगा हो जाता था। अब यूपी में दंगा नहीं होता। भयमुक्त प्रदेश भाजपा ने दिया।