लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव वाराणसी दौरे पर जाएंगे। सावन के पहले सोमवार को वह काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक
अखिलेश यादव बाबा विश्वनाथ के दरबार में सालों से चली आ रही यदुवंशियों द्वारा सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक की परंपरा में शामिल होंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी देंगे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का वाराणसी दौरा कई मायनों में अहम होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अब वह यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुट गए हैं। बाबा विश्वनाथ के दर्शन करके वह पूर्वांचल में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।
मिशन 2022 पर नजर
राजनीतिक गलियारों में कहा ये भी जा रहा है कि अखिलेश यादव 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार कर सकते हैं। वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे और चुनावों की तैयारियों के लिए मूल मंत्र भी देंगे।