featured यूपी

खास बातचीत: BJP किसान मोर्चा के गौरव मिश्रा बोले- किसानों का आंदोलन आर्टिफिशियल, 2022 में किसान ही…   

खास बातचीत: BJP किसान मोर्चा के गौरव मिश्रा बोले- किसानों का आंदोलन आर्टिफिशियल, 2022 में किसान ही...   

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सत्‍ताधारी भारतीय जनता पार्टी लगातार सक्रिय मोड में है। प्रदेश में फिर से सरकार बनाने के लिए न सिर्फ भाजपा पार्टी संगठन बल्कि इकाइयां भी जमीनी स्‍तर पर पार्टी को मजबूती देने में जुट गई हैं।

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रमुख गौरव मिश्रा ने भारत खबर से खास बातचीत की। इस दौरान उन्‍होंने किसान आंदोलन पर निशाना साधने के साथ ही 2022 के लिए किसान मोर्चा की रणनीति की भी जानकारी दी। गौरव मिश्रा ने दावा करते हुए कहा कि, 22 में फिर से यूपी में योगी आदित्‍यनाथ की सरकार बनेगी।

आर्टिफिशियल है किसान आंदोलन

भाजपा किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रमुख गौरव मिश्रा ने खास बातचीत में किसानों के आंदोलन को आर्टिफिशियल आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि, जैसे सीएए और एनआरसी के मुख्य मुद्दों को छोड़कर झूठे और विवादित मुद्दों को लेकर आंदोलन को लंबा खींचा गया, जिससे देश में दंगे भड़कें और उपद्रव भड़के, उसी तर्ज पर यह कृत्रिम किसान आंदोलन भी खड़ा किया गया है।

उन्‍होंने कहा कि, जिन तीन कानूनों की ये लोग मांग कर रहे हैं, उसकी मांग देश में लंबे समय से हो रही थी, आज जो नरेश टिकैत और राकेश टिकैत इस आंदोलन को अगवा बनकर चला रहे हैं, पहले वह इन्हीं कृषि कानूनों का समर्थन कर रहे थे। आज पता नहीं क्या कारण है कि वो इस आंदोलन को खींचने का मजबूर हो गए हैं और इसका प्रयोग राजनीतिक तरीके से किया जा रहा है। इस आंदोलन की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें ना तो किसान आंदोलित है और ना ही जनता आंदोलित है, जो समय-समय पर कटघरे में खड़ा किया गया है।

किसानों के लिए किए गए अभूतपूर्व काम

गौरव मिश्रा ने कहा कि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य उत्‍तर प्रदेश में किसान आंदोलन की बात कोई नहीं कर रहा है क्योंकि हमारे ही वह सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए जो अभूतपूर्व काम किए हैं, वह पिछले 70 सालों में नहीं हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि, किसान स्‍वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने बहुत बड़ी-बड़ी फ्लैगशिप योजनाएं चलाई हैं चाहे वो सिंचाई से संबंधित हों या इंश्योरेंस से संबंधित। सरकार ने विभिन्न प्रकार के जो कदम उठाए हैं उन्हीं का नतीजा है कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में 80 करोड़ गरीब लोगों को दीपावली तक प्रधानमंत्री अन्‍न योजना के तहत फ्री अन्‍न देने का संकल्प भारत सरकार ने किया है, यह अपने आप में बहुत बड़ा प्रमाण है कि किसान उन्नत हो रहा है, उत्पादन बेहतर हो रहा है और सरकार उसे खरीद कर रही है।

किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रमुख ने कहा कि, सरकार हर बिंदु पर बहुत बारीकी से काम कर रही है और यह किसान आंदोलन अपनी ही भेंट चढ़ जाएगा। उन्‍होंने कहा कि, चुनाव नजदीक हैं जिसके कारण बहुत सारे प्रयोग हो रहे हैं। कभी अवार्ड वापसी गैंग, कभी शाहीन बाग और कभी किसी प्रकार के आंदोलन खड़े किए जाएंगे, लेकिन ये विफल हो जाएंगे क्योंकि जनता की निगाह में इस आंदोलन की कोई सच्चाई नहीं है।

आवारा पशुओं से जल्‍द मिलेगी निजात  

किसानों को छुट्टा जानवरों से होने वाली परेशानियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए हमारी सरकार ने सभी जिलों को धन आवंटित किया। गौ आश्रय बनाने के लिए सभी जिलों को एक करोड़ 20 लाख रुपए आवंटित किए गए और बड़े-बड़े कान्हा उपवन भी बनाए गए। ऐसे में यह समस्या भी धीरे-धीरे नियंत्रण में आ जाएगी।

गौरव मिश्रा ने कहा कि, यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश या भारतीय जनता पार्टी का किसान मोर्चा बहुत ही मजबूत स्तंभ है भारतीय जनता पार्टी के लिए। उन्‍होंने कहा कि, यूपी के कामेश्वर सिंह को हाल ही में किसान मोर्चा की कमान सौंपी गई है और वह बेहद ही अनुभवी और संगठन से निकले हुए नेता हैं। उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा किसानों के सभी विषयों को लेकर किसान के बीच में जाएगा। उन्‍होंने कहा कि, बहुत ही जल्‍द हमारी सभी जिलों की मंडल स्तर की कमेटियां गठित हो जाएंगी।

22 में किसान ही बनाएंगे भाजपा की सरकार

भाजपा किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रमुख गौरव मिश्रा ने कहा कि, किसानों से संबंधित समस्याएं और हमारी सरकार ने जो काम किया है, किसानों के पक्ष में, किसानों के हित में, उन सभी विषयों को हम जनता के बीच में लेकर जाएंगे। किसानों के साथ एक बेहतर और मजबूत संवाद करने का काम हम करेंगे। उन्‍होंने दावा करते हुए कहा कि, निश्चित रूप से 2022 में ये किसान ही उत्तर प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी का झंडा बुलंद करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार फिर से बनेगी।

Related posts

फतेहपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कड़ी पहरेदारी में हो रहा मतदान

Shailendra Singh

आरुषि हत्याकांड में आरोपी तलवार दंपत्ति को कोर्ट ने सबूतों के अभाव में किया रिहा

Breaking News

अपनी मांगो को लेकर लामबंद हुए शिक्षक

piyush shukla