UP News: मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। माइलस्टोन 68 पर आगरा से नोएडा की तरफ जा रही वैगनआर कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन महिलाओं समेत सात की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए गए हैं। मूलरूप से हरदोई के संडीला क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले थे।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) May 7, 2022
पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने कहा कि मथुरा में हुई सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा घायलों के उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं।
प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 7, 2022
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे में इनकी हुई मौत
सड़क हादसे में लल्लू गौतम, संजय, संजय की पत्नी निशा, लल्लू की पत्नी छुटकी, राजेश, राजेश की पत्नी नन्दनी, संजय के पुत्र धीरज की मौत हो गई है। श्रीगोपाल और हर्ष घायल हुए हैं।